जादूगोड़ा में सीआरपीएफ और भाजपा नेताओं के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा का आयोजन
जादूगोड़ा : सीआरपीएफ ग्रुप केंद्र, जादूगोड़ा की ओर से पुलिस उप महानिरीक्षक रमेश कुमार के निर्देश पर मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा की अगुवाई सेकेंड कमांड अधिकारी नीरज कुमार ने की। यह यात्रा सासपुर स्थित ग्रुप केंद्र से शुरू होकर बड़ा पहाड़ होते हुए राखा कॉपर मुख्य सड़क तक गई। इसमें 100 से अधिक जवानों और ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
वहीं, दूसरी ओर भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह और सत्या तिवारी के नेतृत्व में राखा कॉपर क्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य लोगों में देश के प्रति गर्व और एकता की भावना जागृत करना था। इस अवसर पर पुलिस उप महानिरीक्षक रमेश कुमार, कमांडेंट पंकज सिंह मीना, सीएमओ (एसजी) नवीन कुमार, उप कमांडेंट समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।
