Home

सांसद खेल महोत्सव में रांची में होगा खिलाड़ियों का महाजुटान

25 हजार से अधिक युवा भाग लेंगे मैराथन में

रांची : रांची में सांसद खेल महोत्सव 2025 का आयोजन 21 सितंबर से 25 दिसंबर तक होगा। महोत्सव का पोस्टर रक्षा राज्य मंत्री और रांची सांसद संजय सेठ ने शनिवार को लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “स्वस्थ युवा, विकसित भारत” के संदेश को ध्यान में रखते हुए इस बार फिर भव्य स्तर पर खेल महोत्सव कराया जा रहा है।

मोराबादी मैदान से 21 सितंबर को साइक्लोथन के साथ इसका आगाज होगा, जबकि 12 अक्टूबर को आयोजित मैराथन में 25 हजार से ज्यादा युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। समापन 25 दिसंबर को खेल कार्निवाल के रूप में होगा।

विधानसभा स्तर तक होंगी प्रतियोगिताएं

खेल महोत्सव झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के तत्वावधान में कराया जा रहा है। रांची लोकसभा क्षेत्र के सभी विधानसभा क्षेत्रों—रांची, हटिया, खिजरी, कांके, सिल्ली और इचागढ़—में प्रतियोगिताएं होंगी।

महोत्सव में फुटबॉल, कबड्डी, टेनिस बॉल क्रिकेट, तीरंदाजी, वुशु, एथलेटिक्स, लॉन बॉल्स, रस्साकसी जैसे खेलों के अलावा पारंपरिक खेल गिल्ली-डंडा और लगोरी भी शामिल किए जाएंगे। योगा व वेलनेस कैंप भी आयोजित होगा।

युवाओं को मिलेगा बड़ा अवसर

सांसद संजय सेठ ने कहा कि महोत्सव का उद्देश्य सिर्फ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं है, बल्कि हर वर्ग को जोड़ना है। प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे और विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके अलावा चयनित खिलाड़ियों को Namo Feet India Leaders के रूप में कार्य करने का मौका मिलेगा।

कार्यक्रम की प्रमुख तिथियां

  • 21 सितंबर 2025 – साइक्लिंग (मोराबादी से OTC मैदान)
  • 12 अक्टूबर 2025 – मैराथन (मोराबादी से OTC मैदान)
  • 8-9 नवंबर – फुटबॉल (सीनियर वर्ग)
  • 29-30 नवंबर – फुटबॉल (जूनियर वर्ग)
  • 6-7 दिसंबर – टेनिस बॉल क्रिकेट, लॉन बॉल्स, वुशु
  • 13-14 दिसंबर – तीरंदाजी व एथलेटिक्स
  • 19-20 दिसंबर – कबड्डी (जूनियर व सीनियर वर्ग)
  • 25 दिसंबर – समापन समारोह व फन गेम्स

समारोह के दौरान भाजपा नेता योगेंद्र प्रताप, शिवेंद्र दुबे, उदय साहू, चंचल भट्टाचार्य, राजकुमार जैन, रमेंद्र कुमार सहित कई गणमान्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *