58वां वार्षिक श्री श्याम महोत्सव भक्ति भाव से आरंभ
रांची, 28 अगस्त (हि.स.)। श्री श्याम मंडल, रांची का 58वां वार्षिक श्री श्याम महोत्सव गुरुवार को गौ पूजन एवं गौ सेवा के साथ अत्यंत उल्लासपूर्ण वातावरण में आरंभ हुआ। सुबह 8 बजे अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर में भव्य आरती हुई, जिसमें भारी संख्या में भक्तगण उपस्थित थे।
आरती के पश्चात श्री श्याम मंडल के करीब 50 सदस्य सुकुरहुटू गौशाला पहुंचे। यहां उन्होंने विधिविधान से गौ माता का पूजन-अर्चन किया। इसके बाद गुड़, चोकर, रोटी, हरी सब्जी और दलिया खिलाकर गौ सेवा की। पूरा प्रांगण ‘श्री श्याम प्रभु’ और ‘गौ माता’ के जयकारों से गूंज उठा। गौ सेवा के उपरांत रोली-चावल से गौ माता का तिलक कर महोत्सव की सफलता का आशीर्वाद लिया गया। इसी क्रम में मंडल के सदस्यों ने गौशाला परिसर में दुर्लभ वृक्ष का भी वृक्षारोपण किया।
इसी कार्यक्रम के तहत पूर्वाह्न 11:30 बजे श्री श्याम मंडल के सदस्यों ने रानी सती पाठशाला में पाठ्य सामग्री का वितरण किया। साथ ही एक फोटोकॉपी मशीन एवं दो बच्चों की साल भर की फीस भी विद्यालय को प्रदान की।
महोत्सव के सफल आयोजन में ज्ञान प्रकाश बागला, गौरव परमपुरिया, संजय सारस्वत, बालकिशन परमारामपुरिया, अनिल ढांढनीयां, संजय जाजोदिया, प्रदीप अग्रवाल, रतन मोर, अनुराग पोद्दार, गौरव शर्मा एवं सर्वेश बागला का विशेष सहयोग रहा।
नोट : कल, 29 अगस्त 2025 को अपराह्न 4 बजे अग्रसेन पथ स्थित श्री श्याम मंदिर से श्री श्याम प्रभु की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः श्री श्याम मंदिर में सम्पन्न होगी।
