झारखंड में अगले 24 घंटे में बढ़ेगा तापमान, 8 फरवरी से पड़ेगी कनकनी

यूटिलिटी

रांची: झारखंड के लगभग सभी जिलों में अगले 24 घंटे तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी. हालांकि, आठ फरवरी से न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे सुबह और शाम में कनकनी बढ़ सकती है.

मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय हर दिन कोहरा और धुंध रहेगा, लेकिन दिन में आसमान साफ रहेगा. नौ, 10 और 11 फरवरी को दिन में आंशिक बादल छाए रह सकते हैं.

बुधवार को राज्य में सबसे कम तापमान गुमला में रिकॉर्ड किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, सबसे अधिक तापमान सरायकेला में रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. राजधानी रांची का अधिकतम तापमान बुधवार को 30.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.9 डिग्री अधिक और पिछले 24 घंटे में 1.8 डिग्री अधिक था. रांची का न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.8 डिग्री अधिक और 24 घंटे में 4.2 डिग्री अधिक रहा.

मौसम विभाग के अनुसार, 15 फरवरी के बाद झारखंड में पूरी तरह से गर्मी का असर दिखने लगेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *