रांचीराजनीति

सूर्या हांसदा एनकाउंटर मामला: भाजपा ने बनाई सात सदस्यीय जांच टीम, अर्जुन मुंडा करेंगे नेतृत्व

रांची, 16 अगस्त 2025: झारखंड के गोड्डा जिले में सूर्या हांसदा के कथित पुलिस एनकाउंटर को लेकर राज्य की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। इस मुद्दे पर विपक्षी दलों, खासकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। भाजपा ने मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय उच्च स्तरीय जांच टीम गठित की है, जिसका नेतृत्व पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा करेंगे।

गोड्डा भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव मिश्रा और मीडिया प्रभारी बिमंत साह ने इस संबंध में प्रेस को जानकारी दी और पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति साझा की।

कल सूर्या के घर पहुंचेगी टीम

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी द्वारा गठित यह जांच टीम 17 अगस्त को सूर्या हांसदा के ललमटिया (गोड्डा) स्थित घर जाएगी। टीम वहां उनके परिजनों से मुलाकात कर घटना की विस्तृत जानकारी जुटाएगी और तथ्यों की पड़ताल करेगी।

भाजपा नेताओं का कहना है कि यह एनकाउंटर नहीं, बल्कि एक सोची-समझी हत्या थी। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा और चंपाई सोरेन पहले ही इस एनकाउंटर पर सार्वजनिक रूप से सवाल उठा चुके हैं।

जांच टीम के सदस्य

इस सात सदस्यीय टीम में शामिल हैं:

अर्जुन मुंडा (पूर्व मुख्यमंत्री)
अमर बाउरी (पूर्व नेता प्रतिपक्ष)
भानु प्रताप शाही (प्रदेश उपाध्यक्ष)
सुनील सोरेन (पूर्व सांसद)
अमित मंडल (पूर्व विधायक)
रणधीर सिंह
अनीता सोरेन

टीम गोड्डा पहुंचकर स्थानीय प्रशासन, चश्मदीदों और पीड़ित परिवार से बातचीत करेगी, ताकि घटना की वस्तुनिष्ठ जानकारी सामने लाई जा सके।

सूर्या हांसदा का राजनीतिक और आपराधिक इतिहास

बता दें कि 11 अगस्त को पुलिस मुठभेड़ में मारे गए सूर्या हांसदा पर दो दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। उन्होंने चार बार बोरियो विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था — जिनमें दो बार झारखंड विकास मोर्चा (जेवीएम), एक बार भाजपा और पिछली बार जयराम महतो की पार्टी जेएलकेएम से चुनाव लड़ा था।

सूर्या हांसदा के मारे जाने के बाद से विपक्ष लगातार इस एनकाउंटर की पारदर्शिता पर सवाल खड़ा कर रहा है और न्यायिक जांच की मांग कर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *