प्रथम इंटर स्कूल आर्चरी चैंपियनशिप 2025 का सफल समापन
रांची | 6 अक्टूबर 2025
रांची के आदिवासी बाल विकास विद्यालय, रातू के मैदान में सोमवार को प्रथम इंटर स्कूल आर्चरी चैंपियनशिप 2025 का सफल आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता कार्तिक उराँव तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र के तत्वावधान में बड़े उत्साह और अनुशासन के साथ सम्पन्न हुई।
इस राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न स्कूलों के प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने हिस्सा लिया और अपने शानदार प्रदर्शन से सबका दिल जीता। खिलाड़ियों ने विभिन्न आयु वर्गों में कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच उत्कृष्ट तीरंदाजी का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री चंचल भट्टाचार्य (सचिव, रांची जिला तीरंदाजी संघ) थे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री लक्ष्मण उराँव एवं विभिन्न जिलों से आए अनुभवी कोच प्रेम पूर्ति, राहुल कुमार बड़ाईक, धनेश्वर बेदिया, ज्योति खलखो और पूनम खलखो उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में सर्वाधिक पदक जीतकर आदिवासी बाल विकास विद्यालय, रातू ने पहला स्थान हासिल किया। विवेकानंद विद्या मंदिर, धुर्वा दूसरे स्थान पर रहा, जबकि स्टार इंटरनेशनल स्कूल, नगड़ी ने तीसरा स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्तिक उराँव तीरंदाजी प्रशिक्षण केन्द्र के अध्यक्ष रंजीत तिर्की ने सभी विजेताओं को हार्दिक बधाई दी और घोषणा की कि आने वाले वर्षों में इस प्रतियोगिता को और व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
