सुब्रतो कप सेमीफाइनल: झारखंड के उभरते सितारों ने मैदान में दिखाया दम
रांची। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित 64वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी फुटबॉल प्रतियोगिता 2025-26 के तीसरे दिन रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। विभिन्न प्रमंडलों के खिलाड़ियों ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता में संथाल, उत्तरी एवं दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडलों का दबदबा बना रहा।
अंडर-15 बालक वर्ग:
- पहला सेमीफाइनल: संथाल प्रमंडल ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए कोल्हान प्रमंडल को 6-1 से करारी शिकस्त दी और फाइनल में प्रवेश किया।
- दूसरा सेमीफाइनल: दक्षिणी छोटानागपुर ने कड़े मुकाबले में उत्तरी छोटानागपुर को 1-0 से हराकर फाइनल में जगह पक्की की।
अंडर-17 बालिका वर्ग:
- पहला सेमीफाइनल: दक्षिणी छोटानागपुर की बालिका टीम ने कोल्हान प्रमंडल को एकतरफा मुकाबले में 14-0 से हराया।
- दूसरा सेमीफाइनल: उत्तरी छोटानागपुर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए संथाल प्रमंडल को 4-0 से हराया।
अंडर-17 बालक वर्ग:
- पहला सेमीफाइनल: संथाल प्रमंडल ने पलामू प्रमंडल को 4-1 से मात दी।
- दूसरा सेमीफाइनल: उत्तरी छोटानागपुर ने कोल्हान प्रमंडल को 3-0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया।
फाइनल मुकाबले का कार्यक्रम (19 जुलाई 2025):
- अंडर-15 बालक वर्ग: संथाल प्रमंडल बनाम दक्षिणी छोटानागपुर
- अंडर-17 बालिका वर्ग: दक्षिणी छोटानागपुर बनाम उत्तरी छोटानागपुर
- अंडर-17 बालक वर्ग: संथाल प्रमंडल बनाम उत्तरी छोटानागपुर
फाइनल मुकाबलों का आयोजन बीआईटी मेसरा कैंपस स्थित मैदान में किया जाएगा।
राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह आयोजन सचिव श्री धीरसेन ए. सोरेंग ने जानकारी दी कि स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग, झारखंड सरकार के तत्वावधान में यह प्रतियोगिता लगातार तीसरे वर्ष सफलतापूर्वक आयोजित की जा रही है। इस आयोजन का उद्देश्य राज्य के छात्र-छात्राओं को खेल के क्षेत्र में उभरने का अवसर देना है, जिससे उनकी प्रतिभा को उचित मंच मिल सके।
