राज्य स्तरीय हिंदी साहित्य संगोष्ठी 27 जुलाई को रांची में, तैयारियाँ चरम पर
रांची – हिंदी साहित्य भारती के तत्वावधान में एक दिवसीय राज्य स्तरीय हिंदी साहित्य संगोष्ठी का आयोजन 27 जुलाई (रविवार) को पुराना विधानसभा भवन, रांची के सभागार में किया जाएगा। संगोष्ठी को सफल बनाने हेतु हिंदी साहित्य भारती, रांची इकाई द्वारा तैयारियाँ जोरों पर हैं।
इस संबंध में रांची के कांके रोड स्थित मनोकामना में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता जिलाध्यक्ष बलराम पाठक ने की। बैठक में संगठन के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम संयोजक सह संगठन महामंत्री अजय राय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस राज्य स्तरीय संगोष्ठी में झारखंड सहित देशभर से कई प्रतिष्ठित कवि, साहित्यकार एवं शोधकर्ता हिस्सा लेंगे। साथ ही, हिंदी साहित्य भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष, मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, तथा विश्वविद्यालयों और विद्यालयों से आमंत्रित शोधार्थी भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे।
बैठक में अन्य प्रमुख उपस्थितगणों में हिंदी साहित्य भारती के उपाध्यक्ष संजय सर्राफ, महामंत्री सुकुमार नाथ झा, कोषाध्यक्ष त्रिपुरेश्वर मिश्रा, मीडिया प्रभारी संजीव कुमार दत्ता, और अभय कुमार शामिल थे।
कार्यक्रम के आयोजक इस संगोष्ठी को साहित्यिक क्षेत्र में एक ऐतिहासिक अवसर के रूप में देख रहे हैं, जहां भाषा, संस्कृति और साहित्य से जुड़ी महत्वपूर्ण चर्चाएं होंगी।
