रांची

वर्ल्ड एथलेटिक्स रेफरी (ब्रॉन्ज लेवल) बने शिवकुमार पांडेय


विदेश में अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में करेंगे रेफरी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व

रांची : झारखंड एथलेटिक्स संघ के सचिव श्री शिवकुमार पांडेय ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए वर्ल्ड एथलेटिक्स रेफरी (ब्रॉन्ज लेवल) परीक्षा उत्तीर्ण की है। अब वे विदेशों में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं में रेफरी के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

यह परीक्षा 24 मई 2025 को देशभर में एक साथ आयोजित की गई थी, जिसमें श्री पांडेय ने झारखंड का प्रतिनिधित्व करते हुए भाग लिया था। हाल ही में घोषित परिणाम में वे सफल घोषित किए गए हैं।

शिवकुमार पांडेय पहले से ही एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के वर्ल्ड एथलेटिक्स लेवल-1 तकनीकी पदाधिकारी हैं और कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। एथलेटिक्स के क्षेत्र में उनका योगदान निरंतर सराहनीय रहा है।

इस उपलब्धि पर झारखंड राज्य के खेल निदेशक श्री शेखर जमुआर, एथलेटिक्स संघ की प्लानिंग कमिटी के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, संघ अध्यक्ष सी.डी. सिंह, कार्यकारी सचिव प्रभाकर वर्मा, अशोक भट्टाचार्य, गिरीश मिश्रा, अनवर हुसैन, प्रभात तिवारी, राम प्रसाद सहित झारखंड एथलेटिक्स संघ के अन्य पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

संघ के अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि श्री पांडेय की यह उपलब्धि न सिर्फ झारखंड, बल्कि देश के एथलेटिक्स जगत के लिए भी गौरव की बात है और इससे राज्य के युवा तकनीकी अधिकारियों को भी प्रेरणा मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *