रांची : राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ने लगी है. सुबह और शाम के समय लोगों को घरों में दुबके रहने को मजबूर कर दिया है. पिछले 24 घंटे में चतरा और गुमला का न्यूनतम तापमान सबसे कम रिकॉर्ड किया गया. यहां दोनों जिलों का तापमान 7.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. जबकि राजधानी रांची का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रहा.
आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट दर्ज की जायेगी
रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले दो-तीन दिनों के दौरान तापमान में और गिरावट दर्ज की जायेगी. इस दौरान तापमान में चार डिग्री तक की गिरावट होने की संभावना है, जिससे लोगों को ठंड का एहसास अधिक होगा. वहीं, सुबह और शाम के वक्त कोहरा छाये रहने के कारण तापमान में नमी महसूस की जायगी.
16 दिसंबर तक तापमान मुख्यत: साफ रहेगा
उन्होंने बताया कि 14 दिसंबर के बाद सर्द हवाओं और कोहरा के कारण ठंड का असर बरकरार रहेगा. 16 दिसंबर तक तापमान मुख्यत: साफ रहेगा. लेकिन तापमान में कमी के कारण लोगों को ठंड का एहसास अधिक होगा.
राजधानी रांची का मौसम 16 दिसंबर तक शुष्क रहेगा
राजधानी रांची का मौसम 16 दिसंबर तक शुष्क रहेगा. इस दौरान सुबह और शाम लोगों को कोहरा का सामना करना पड़ेगा. लेकिन सुबह के बाद से ही धूप निकलेगी. ऐसे में दिन के समये थोड़ी राहत मिल सकती है. हालांकि ठंडी हवाओं के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है. लगातार बढ़ती ठंड के कारण मौसम विज्ञान केंद्र ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है.