रोटरी क्लब ऑफ रांची को मिला नया नेतृत्व: अमित अग्रवाल अध्यक्ष, भावना तनेजा सचिव बनीं
रांची, 12 जुलाई: रोटरी क्लब ऑफ रांची के 72वें अधिष्ठापन समारोह में अमित अग्रवाल को नया अध्यक्ष और भावना तनेजा को सचिव नियुक्त किया गया। यह आयोजन राजधानी रांची के एक प्रतिष्ठित होटल में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर क्लब के पूर्व अध्यक्ष गौरव बगरॉय ने वर्ष 2024-25 के दौरान क्लब की उपलब्धियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की, जिसमें सामाजिक सेवाओं और विकास परियोजनाओं की सराहना की गई।
झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता बने रोटरी क्लब के मानद सदस्य
समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड पुलिस महानिदेशक अनुराग गुप्ता ने क्लब के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रोटरी क्लब जैसी संस्थाओं को नशा उन्मूलन जैसे सामाजिक अभियानों में सरकार के साथ सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने रोटरी को हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया और स्वयं को मानद सदस्य के रूप में शामिल किया।
नए अध्यक्ष अमित अग्रवाल का संकल्प: सेवा से समाज को जोड़ना
नव-निर्वाचित अध्यक्ष अमित अग्रवाल ने कहा:
“हमें ‘स्वयं से ऊपर सेवा’ के मूल मंत्र को आत्मसात करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुँचानी है।”
उन्होंने वर्ष 2025-26 के लिए कई महत्त्वपूर्ण घोषणाएँ कीं:
- तीन डायलिसिस मशीन,
- एक अफ़्रेसिस मशीन,
- एक आई-चेक वैन
रांची शहर को देने का संकल्प।
साथ ही, उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, आर्थिक सशक्तिकरण और Rotary Image Building जैसे क्षेत्रों में भी व्यापक कार्य करने की योजना प्रस्तुत की।
डिस्ट्रिक्ट समागम रांची में, 2000 से अधिक रोटेरियन होंगे शामिल
अमित अग्रवाल ने बताया कि दिसंबर 2025 में रांची में तीन दिवसीय डिस्ट्रिक्ट समागम आयोजित होगा, जिसमें झारखंड और बिहार से करीब 2000 रोटेरियन शामिल होंगे। यह Rotary District 3250 के लिए एक ऐतिहासिक आयोजन साबित होगा।
रोटरी इंटरनेशनल की वैश्विक उपलब्धियाँ
असिस्टेंट गवर्नर हरमिंदर सिंह ने कहा कि रोटरी की बदौलत दुनिया से पोलियो का उन्मूलन संभव हो सका है। अब रोटरी का फोकस संपूर्ण साक्षरता और सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा पर है।
नई कार्यकारिणी 2025-26: रोटरी क्लब ऑफ रांची
- अध्यक्ष: अमित अग्रवाल
- सचिव: भावना तनेजा
- कोषाध्यक्ष: लोकेश साहू
- उपाध्यक्ष: शालिनी सिंघानिया
- प्रेसिडेंट इलेक्ट: ललित त्रिपाठी
- निदेशकगण: डॉ. अनिल कुमार पांडेय, रमेश धरनीधारका, अजय जैन, गिरीश अग्रवाल, जसदीप सिंह
- क्लब ट्रेनर: राजीव मोदी
- सार्जेंट: रजत बहल
- निर्वतमान अध्यक्ष: गौरव बगरॉय
सोवेनियर विमोचन और अन्य उपस्थिति
डीजीपी अनुराग गुप्ता और संपादक शाहिद पॉल ने क्लब की सोवेनियर का विमोचन किया। मंच संचालन कांता मोदी ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जोगेश गंभीर ने प्रस्तुत किया।
समारोह में रोटरी के अनेक वरिष्ठ सदस्य व गणमान्य नागरिक उपस्थित थे, जिनमें भंडारी लाल, अजय छाबड़ा, डॉ. विनय ढांढनिया, राजेशनाथ शाहदेव, प्रियंका त्रिपाठी, हितेश भगत आदि प्रमुख हैं।
