रांची

विदुषी साध्वी मीना महाराज एवं पूर्णा महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग का किया भावपूर्ण वर्णन

रांची : श्री कृष्ण प्रणामी सेवा धाम ट्रस्ट के तत्वावधान में, परमहंस डॉ. संत शिरोमणि सदानंद जी महाराज के सानिध्य में श्री राधा कृष्ण मंदिर, पुंदाग (रांची) में पांच दिवसीय संगीतमय श्रीकृष्ण बीतक कथा का भव्य शुभारंभ हुआ।

इस अवसर पर वृंदावन से पधारी सुप्रसिद्ध कथा वाचिका विदुषी साध्वी मीना महाराज एवं साध्वी पूर्णा महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मोत्सव प्रसंग को विस्तारपूर्वक और अत्यंत भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया। कथा का शुभारंभ मंगलाचरण और श्री गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद साध्वी मीना महाराज ने कंस के अत्याचार, वासुदेव-देवकी की पीड़ा, और श्रीकृष्ण के जेल में अवतरण की दिव्य कथा का सजीव चित्रण किया।

संगीतमय प्रस्तुति के दौरान साध्वी पूर्णा महाराज ने गायन एवं प्रसंगों को स्वरबद्ध कर वातावरण को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। साध्वी मीना महाराज ने कहा, “श्रीकृष्ण का जन्म केवल देवकी और वासुदेव के लिए नहीं, बल्कि संपूर्ण मानवता के कल्याण हेतु हुआ था। यह केवल एक ऐतिहासिक प्रसंग नहीं, बल्कि आत्मा में नई चेतना के जागरण का प्रतीक है।”

जैसे ही श्रीकृष्ण जन्म का प्रसंग आया, मंदिर परिसर में उल्लास की लहर दौड़ गई। झांकी में बालकृष्ण के जन्म का जीवंत चित्र प्रस्तुत किया गया, जिसमें शंखनाद, घंटियों की ध्वनि और ‘नंद के घर आनंद भयो’ जैसे भजनों से संपूर्ण वातावरण गुंजायमान हो उठा। श्रद्धालुओं ने भाव-विभोर होकर उत्सव में भाग लिया।

कथा स्थल को भव्य रूप से सजाया गया था, और आयोजन के पहले दिन ही श्रद्धालुओं की बड़ी भीड़ उमड़ पड़ी। पूरे परिसर में श्रीकृष्णमय वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं के लिए ट्रस्ट की ओर से बैठने, जलपान, प्रसाद वितरण एवं पार्किंग की उत्तम व्यवस्था की गई थी।

ट्रस्ट के उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद अग्रवाल और प्रवक्ता संजय सर्राफ ने बताया कि यह कथा प्रतिदिन दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जा रही है, जिसमें श्रीकृष्ण की विविध लीलाओं का संगीतमय वर्णन किया जाएगा।

इस आयोजन का उद्देश्य केवल भक्ति नहीं, बल्कि समाज में प्रेम, करुणा और धर्म की पुनः स्थापना का संदेश देना भी है।
इस अवसर पर विजय कुमार अग्रवाल, डूंगरमल अग्रवाल, निर्मल जालान, राजेंद्र अग्रवाल, पूरणमल सर्राफ, शिव भगवान अग्रवाल, संजय सर्राफ, विशाल जालान, मधु जाजोदिया, विष्णु सोनी, सुरेश अग्रवाल, नवल टिबडेवाल, सुरेश चौधरी, नंदकिशोर चौधरी, पवन पोद्दार, विद्या देवी अग्रवाल, सुनीता अग्रवाल, शोभा जालान, सुमन चौधरी, अमिता जालान, ललिता पोद्दार, रेखा पोद्दार, शारदा पोद्दार, उर्मिला पाड़िया, आशा मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *