रांची में पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़, दो बदमाश घायल, दो गिरफ्तार
रांची, 10 अक्टूबर । झारखंड की राजधानी रांची के रातू इलाके में गुरुवार सुबह पुलिस और कुख्यात राहुल दुबे गिरोह के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने मोर्चा संभाला। इस दौरान गिरोह के दो सदस्य गोली लगने से घायल हो गए, जबकि भागने की कोशिश कर रहे दो अन्य अपराधियों को पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया।
रांची (ग्रामीण) के पुलिस अधीक्षक प्रवीन पुष्कर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के सदस्य रातू, ठाकुरगांव और खलारी थाना क्षेत्र की सीमा पर छिपे हुए हैं। इस आधार पर टीम को मौके पर भेजा गया। जैसे ही पुलिस पहुंची, अपराधियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
एसपी पुष्कर ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से आठ पिस्टल और कई जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। घायल अपराधियों की पहचान साजन अंसारी और अमित गुप्ता के रूप में हुई है, जो राहुल दुबे गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। वहीं, गिरफ्तार किए गए दो अन्य बदमाशों से पुलिस पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कुख्यात अपराधी अमन साहू के मारे जाने के बाद राहुल दुबे ने गिरोह की कमान संभाल ली थी। यह गैंग रांची और आसपास के कोयलांचल इलाकों में रंगदारी वसूलने और अवैध वसूली के मामलों में सक्रिय है। पुलिस ने क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश की जा रही है।
