रांची

छठ महापर्व की तैयारी में जुटा रांची नगर निगम, घाटों की सफाई और सुरक्षा पर विशेष जोर

Ranchi : दुर्गा पूजा और प्रतिमा विसर्जन कार्यों के सफल समापन के बाद अब रांची नगर निगम ने छठ महापर्व की तैयारियों को लेकर कमर कस ली है। रविवार सुबह से ही नगर निगम की टीमें शहर के प्रमुख तालाबों और छठ घाटों का निरीक्षण कर रही हैं। नगर आयुक्त सुशांत गौरव खुद भी मैदान में उतरे और सफाई, सुरक्षा और सुविधाओं की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया।

प्रमुख तालाबों की सफाई और मरम्मत

नगर निगम की टीमें चडरी तालाब, जोड़ा तालाब, बड़ा तालाब और धुर्वा डैम सहित अन्य प्रमुख घाटों की सफाई और कीचड़ निकासी में जुटी हैं। निगम ने निर्देश दिया है कि सभी घाटों की समुचित सफाई, तटबंधों की मरम्मत और सुंदरीकरण का कार्य समय पर पूरा किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो।

युद्धस्तर पर चल रहा है सफाई अभियान

प्रतिमा विसर्जन के बाद तालाबों में जमा कचरा और अवशेष हटाने के लिए जेसीबी मशीनों और नगर निगम की टीमों को लगाया गया है। सभी घाटों पर घेराबंदी, अस्थायी पुल, और जल निकासी की व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम ने शहर को अलग-अलग जोन में बांटकर सफाई टीमें तैनात की हैं।

सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की तैयारी

छठ पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन सतर्क है। नगर निगम ने रांची पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग से समन्वय किया है। सभी घाटों पर होमगार्ड, गोताखोर, मेडिकल टीमें और एंबुलेंस तैनात की जाएंगी। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है ताकि व्रतियों को शाम और सुबह के समय कोई दिक्कत न हो।

नगर आयुक्त की अपील

नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने लोगों से स्वच्छता में सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा, “छठ रांची की आस्था से जुड़ा महापर्व है। हमारी कोशिश है कि श्रद्धालुओं को स्वच्छ और सुरक्षित वातावरण मिले। कृपया तालाबों में प्लास्टिक या थर्मोकोल जैसी चीजें न फेंकें।”

राजधानी की पहचान बनेगा स्वच्छ छठ

नगर निगम के अधिकारी आने वाले दिनों में फिर से निरीक्षण करेंगे और जहां भी कमी पाई जाएगी, उसे समय रहते दूर किया जाएगा। नगर निगम का लक्ष्य है कि इस बार छठ घाटों की सुंदरता और स्वच्छता, रांची की पहचान बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *