रांची

रांची नगर निगम ने छठ घाटों का किया निरीक्षण, स्वच्छता और सुरक्षा को बनाया प्राथमिकता

Ranchi : रांची नगर निगम ने छठ महापर्व को स्वच्छ और सुरक्षित माहौल में मनाने के लिए जोरदार तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में आज नगर निगम के प्रशासक सुशांत गौरव ने शहर के प्रमुख छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वर्णरेखा घाट, तेतरी टोली नामकुम छठ घाट, बनस तालाब और नायक तालाब का दौरा कर साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था और सिविल कार्यों की समीक्षा की।

प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ व्रतियों के लिए घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई, जलाशयों के चारों ओर सुरक्षा घेराबंदी और कचरा निस्तारण की पूरी व्यवस्था की जाए। उन्होंने घाटों पर ब्लीचिंग पाउडर छिड़काव और पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को भी कहा।

विशेष ध्यान देते हुए उन्होंने जलाशयों के आस-पास अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी और कहा कि इसके लिए एक समर्पित टीम गठित की जाएगी जो निगरानी करेगी।

प्रशासक ने कहा कि घाटों पर सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी और सभी आवश्यक मरम्मत जैसे टूटे हुए सीढ़ियों की सुधराई, अस्थाई घाटों का विस्तार, तथा सुरक्षा घेराबंदी एक सप्ताह के अंदर पूरी कर ली जाएगी।

स्वर्णरेखा घाट में गाद निकालने का कार्य तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही हाई मास्ट लाइट लगाने, घास काटने और श्रद्धालुओं के लिए अधिक जगह बनाने की व्यवस्था की जाएगी। इस घाट की छठ पूजा समिति ‘स्टेन रोज क्लब’ ने 20 चेंजिंग रूम की मांग की, जिस पर प्रशासक ने उचित व्यवस्था जल्द करने का आश्वासन दिया।

तेतरी टोली घाट की सफाई और व्यवस्था को प्रशासक ने सराहा और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए निगम की टीम को निर्देशित किया।

बंस तालाब क्षेत्र में छठ महापर्व तक नो एंट्री की व्यवस्था लागू की जाएगी और तालाब की सफाई और सुरक्षा के लिए लगातार निगरानी रखी जाएगी।

नायक तालाब में मरम्मत, पेंटिंग और पेवर ब्लॉक के कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया है।

अंत में प्रशासक ने लोगों से अपील की कि वे प्लास्टिक का उपयोग न करें और पर्यावरण को स्वच्छ रखने में नगर निगम का सहयोग करें। जलाशयों में कोई भी कूड़ा या गंदगी न डालें ताकि ये प्रदूषणमुक्त और स्वच्छ बने रहें।

निरीक्षण के दौरान अपर प्रशासक, सहायक प्रशासक, नगर प्रबंधक, जोनल सुपरवाइजर और छठ पूजा समिति के सदस्य भी मौजूद थे।इस तरह रांची नगर निगम छठ महापर्व को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए पूरी तैयारी के साथ जुटा हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *