रांची

रांची: झारखंड में बनेगा 2200 बेड का किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, स्वास्थ्य सेवाओं में क्रांति की तैयारी

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान

रांची: झारखंड सरकार ने राज्य में किडनी से जुड़ी बढ़ती बीमारियों को देखते हुए एक बड़े कदम की घोषणा की है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि झारखंड में 2200 बेड का एक किडनी सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल स्थापित किया जाएगा। इस हॉस्पिटल में किडनी प्रत्यारोपण समेत सभी अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

यह परियोजना ऑस्ट्रेलिया के ऑस्टीन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज और झारखंड सरकार की साझेदारी में बनेगी। ऑस्टीन हॉस्पिटल एंड सर्विसेज के सीईओ आंद्रेई कोल्मोगोरोव ने झारखंड में निवेश करने का निर्णय लिया है, जिससे राज्य के स्वास्थ्य क्षेत्र को एक नई दिशा मिलेगी।

झारखंड बनेगा हेल्थकेयर हब
मंत्री डॉ. अंसारी ने कहा, “हमारा उद्देश्य झारखंड को हेल्थकेयर का हब बनाना है। इसके लिए हम बड़ा निवेश करेंगे, लेकिन इस परियोजना को राजनीति से दूर रखना होगा।” उन्होंने यह भी बताया कि राज्य सरकार पहले से ही मुख्यमंत्री गंभीर बीमारी योजना चला रही है, जिसके तहत किडनी, लीवर और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए 15 लाख रुपये तक की सहायता दी जाती है। इसके अलावा, राज्य के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में हेमोडायलिसिस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।

झारखंड में शुरू होगी किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा
नवीन हॉस्पिटल में किडनी ट्रांसप्लांट की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। राज्य में यह अत्याधुनिक अस्पताल न केवल झारखंड के लिए, बल्कि पूरे पूर्वी भारत के लिए जीवनदायिनी साबित होगा। राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में यह एक नई क्रांति की शुरुआत होगी।

झारखंड सरकार का यह कदम स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण परिवर्तन की ओर इशारा करता है और उम्मीद की जा रही है कि इससे राज्य के नागरिकों को बेहतर और सस्ती चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *