झारखंड में 4 अक्टूबर तक बारिश की संभावना, मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया
रांची : 29 सितंबर झारखंड में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहेगा। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में हल्की से भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 2 अक्टूबर से 4 अक्टूबर तक अलग-अलग इलाकों में बारिश और तेज हवाओं के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
कब और कहां होगी बारिश
2 अक्टूबर – उत्तर-पूर्वी जिले देवघर, दुमका, गिरिडीह, कोडरमा, पाकुड़, जामताड़ा, गोड्डा और साहिबगंज के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है।
3 अक्टूबर – उत्तर-पूर्वी और उत्तरी मध्यवर्ती जिलों में बारिश की संभावना।
4 अक्टूबर – उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना।
इन इलाकों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है।
पिछले 24 घंटे का हाल
पिछले 24 घंटों में राज्य में सबसे अधिक बारिश पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया में 38.2 मिमी दर्ज की गई। वहीं, सबसे अधिक तापमान 34.3 डिग्री गोड्डा में और सबसे कम तापमान 20.9 डिग्री लातेहार में दर्ज हुआ। राजधानी रांची और उसके आसपास के इलाकों में 2.4 मिमी हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।
प्रमुख शहरों का तापमान
रांची – अधिकतम 27.4 डिग्री
जमशेदपुर – 31.2 डिग्री
डालटनगंज – 31.4 डिग्री
बोकारो – 30.5 डिग्री
चाईबासा – 30 डिग्री
सोमवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से आसमान साफ रहा और धूप खिली। लगातार तीन-चार दिनों की बारिश से राहत मिलने पर लोगों ने चैन की सांस ली।
