खेलरांची

36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता की तैयारी जोरों पर, खेल निदेशक ने विशेष प्रशिक्षण शिविर का किया निरीक्षण

रांची : आगामी 36वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता को लेकर झारखंड राज्य एथलेटिक्स टीम के लिए चल रहे 10 दिवसीय विशेष कोचिंग कैंप में शनिवार को खेल निदेशक श्री शेखर जमुआर ने खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनका हौसला बढ़ाया।

यह विशेष प्रशिक्षण शिविर 11 सितंबर से पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, खेल निदेशालय, झारखंड, रांची द्वारा आयोजित किया गया है, जिसमें राज्य के 120 बालक एवं बालिका एथलीट भाग ले रहे हैं। शिविर का उद्देश्य आगामी प्रतियोगिता में झारखंड टीम के प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।

प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 24 सितंबर 2025 तक बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोराबादी, रांची में किया जाएगा। यह आयोजन एथलेटिक्स फेडरेशन ऑफ इंडिया, नई दिल्ली के निर्देश पर झारखंड एथलेटिक्स संघ, रांची के तत्वावधान में हो रहा है। इस प्रतिष्ठित क्षेत्रीय प्रतियोगिता में पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार, असम, मिजोरम, सिक्किम, मणिपुर, नागालैंड, त्रिपुरा, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार के एथलीट भाग लेंगे।

खेल निदेशक श्री शेखर जमुआर ने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया और उन्हें मनोबल बढ़ाने वाली सलाह दी। उन्होंने कहा कि यह शिविर खिलाड़ियों के लिए गोल्डन चांस है, जिससे वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

शिविर में प्रशिक्षण ले रहे खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने खेल विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही खाद्य व्यवस्था, चिकित्सा सुविधा, आवासन और प्रशिक्षण संसाधनों की भरपूर सराहना की।

इस अवसर पर झारखंड एथलेटिक्स संघ के अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे, रांची एथलेटिक्स संघ से प्रभाकर वर्मा, बंधन टोपनो, साई रांची के प्रशिक्षक विनोद कुमार सिंह, खेल विभाग के प्रशिक्षक आशु भाटिया, योगेश यादव, आलोक सिंह, नीरज कुमार, प्रभात रंजन तिवारी, अनुभा खाखा, एच.पी.सी. रांची के विशेषज्ञ छोटू तिर्की सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *