खेलझारखंड

रांची में राष्ट्रीय अंडर-23 कुश्ती प्रतियोगिता 2025 की तैयारियाँ पूरी, 22 अगस्त को होगा उद्घाटन


रांची, 21 अगस्त 2025:
झारखंड की राजधानी रांची एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर के खेल आयोजन का गवाह बनने जा रही है। अंडर-23 सीनियर पुरुष फ्री स्टाइल, ग्रीको रोमन स्टाइल एवं महिला राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता 2025 का आयोजन 22 से 24 अगस्त 2025 तक गणपत राय इंडोर स्टेडियम, खेलगांव, होटवार में किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।

यह प्रतियोगिता झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के सहयोग से झारखंड राज्य कुश्ती संघ द्वारा आयोजित की जा रही है।

प्रतियोगिता में 850 से अधिक पहलवान लेंगे हिस्सा

इस भव्य आयोजन में 27 राज्यों / यूनिट्स से लगभग 850 महिला एवं पुरुष पहलवान रांची पहुँच चुके हैं। इन पहलवानों ने बुधवार को गणपत राय इंडोर स्टेडियम में मैट पर पसीना बहाते हुए अभ्यास किया। प्रतियोगिता में कुल 30 स्वर्ण, 30 रजत और 60 कांस्य पदकों के लिए जोर आजमाइश होगी।

डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन शुरू, 22 अगस्त को होगा उद्घाटन

प्रतियोगिता से पूर्व आज सभी खिलाड़ियों का दस्तावेज़ सत्यापन (डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन) का कार्य प्रारंभ हो गया है।
22 अगस्त को प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन झारखंड सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के माननीय मंत्री श्री सुदिव्य कुमार के कर कमलों द्वारा किया जाएगा।

आयोजक मंडल ने बताया कि सुरक्षा, आवास, भोजन, चिकित्सा और परिवहन की सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल कर ली गई हैं और रांचीवासियों को एक रोमांचक राष्ट्रीय खेल आयोजन देखने को मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *