रांची : झारखंड का खेल पुरस्कार जयपाल सिंह मुंडा पुरस्कार-2023 का पोस्टर रविवार को लॉन्च किया गया. उम्मीद फाउंडेशन की ओर से तीन जनवरी को जयपाल सिंह मुंडा की जयंती पर इस पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जाता है.
पोस्टर लॉन्च कार्यक्रम के दौरान झारखंड चैंबर के अध्यक्ष किशोर मंत्री, फिल्म निर्देशक नंदलाल नायक, किशोरी राणा, अंतू तिर्की, अश्विनी शर्मा, हेमलाल मेहता, जनक नायक, संगीता तिर्की, राम अवतार केरकेट्टा, गोपाल पांडे, हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह, उम्मीद फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष रितेश उरांव उपस्थित थे.
अतिथियों ने पुरस्कार समारोह की सराहना करते हुए कहा कि यह पुरस्कार राज्य के साढ़े तीन करोड़ जनता का सम्मान करेगा. साथ ही शून्य से शिखर तक का सफ़र तय कर गांव से निकलकर, गांव राज्य देश का नाम रौशन करने वाले खिलाड़ियों का उचित सम्मान है. पुरस्कार समारोह के माध्यम से राज्य के साढ़े तीन करोड़ लोगों तक जयपाल सिंह मुंडा के जीवनगाथा को पहुंचाने का प्रयास है.
संस्थापक अध्यक्ष रितेश उरांव ने कहा कि इस बार छह कैटेगरी में खेल के क्षेत्र में योगदान देने वाले खिलाड़ियों, कोचों और खेल को प्रोत्साहित करने वाले संस्थानों को पुरस्कृत किया जाएगा. इनमें जयपाल सिंह मुंडा खेल रत्न, जयपाल सिंह मुंडा पुरस्कार, गुरु सिलवानुस डुंगडुंग पुरस्कार, गुरु द्रोणाचार्य पुरस्कार, भगवान बिरसा मुंडा साहसिक पुरस्कार और झारखंड खेल प्रोत्साहन पुरस्कार शामिल हैं.