पार्थ सिंह ने लंबीकूद में रचा नया नेशनल रिकॉर्ड, झारखंड को मिला स्वर्ण पदक
40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप, भुवनेश्वर में झारखंड की झोली में अब तक पांच पदक
Ranchi : उड़ीसा के कलिंगा स्टेडियम, भुवनेश्वर में चल रही 40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड के एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। दूसरे दिन रांची के पार्थ सिंह ने बालक अंडर-20 लंबीकूद में 7.82 मीटर की छलांग लगाकर नया राष्ट्रीय मीट रिकॉर्ड बनाया और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
पार्थ ने वर्ष 2019 में 35वीं नेशनल जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप (मंगलागिरी, गुंटूर, आंध्रप्रदेश) में कर्नाटक के एस. लोकेश एल. सत्यनाथन द्वारा बनाए गए 7.79 मीटर के रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
इससे पहले पहले दिन पार्थ ने 100 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर देश के सबसे तेज धावक बनने का गौरव हासिल किया था।
अनीत, सविता और साजिद ने भी किया कमाल
बालक अंडर-16 के अनीत उरांव (लातेहार) ने 80 मीटर हर्डल्स में रजत पदक (10.37 सेकंड) जीता।
बालिका अंडर-18 वर्ग में सविता मुर्मू (जामताड़ा) ने 47.97 मीटर जेवलिन थ्रो कर रजत पदक हासिल किया।
वहीं बालक अंडर-18 वर्ग में बोकारो के साजिद ने 110 मीटर हर्डल्स (14.20 सेकंड) में कांस्य पदक जीता।
झारखंड की झोली में अब तक पांच पदक
दो दिनों के प्रदर्शन में झारखंड के खाते में अब तक कुल पांच पदक आए हैं —
दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य।
दूसरे दिन कई खिलाड़ियों ने फाइनल में जगह बनाकर उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
अन्य सराहनीय प्रदर्शन
- बालिका अंडर-16: शिल्पा कुमारी (रांची) – जेवलिन थ्रो (पांचवां स्थान)
- बालक अंडर-14: अभिषेक कुमार (रांची) – ट्रायथलॉन सी (पांचवां स्थान)
- बालक अंडर-16: एमानुएल किस्कू (साहेबगंज) – 80 मी. हर्डल्स (छठा स्थान)
- बालक अंडर-20: संजीव भारती (बोकारो) – 110 मी. हर्डल्स (छठा स्थान)
- बालिका अंडर-20: आकांक्षा कुमारी (पलामू) – 400 मीटर (सातवां स्थान)
फाइनल में पहुंचे खिलाड़ी:
- बालक अंडर-18: दीपक मुंडा (रांची) – लंबीकूद
- बालक अंडर-14: संतोष मुर्मू (साहेबगंज) – किड्स जेवलिन
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
राज्य की इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक शेखर जमुआर समेत झारखंड एथलेटिक्स संघ के चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सी.डी. सिंह, सचिव एस.के. पांडे और प्रभाकर वर्मा ने खिलाड़ियों, कोचों एवं टीम प्रबंधन को बधाई दी।
टीम कोच: योगेश यादव (साहेबगंज), प्रभात रंजन तिवारी, नरेश कुजूर (रांची), अनुकम्पा रुंडा (हजारीबाग)
टीम मैनेजर: सिकंदर महतो (सरायकेला)
