भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर प्रदेश कांग्रेस ने रांची में निकाली पदयात्रा

राँची

रांची : झारखंड कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा की पहली वर्षगांठ पर गुरुवार शाम राजधानी रांची में शहीद स्थल से पदयात्रा निकाली, जो अलबर्ट एक्का चौक, प्लाजा चौक, लालपुर चौक, होते हुए बिरसा समाधि स्थल, कोकर तक पहुंची. इस दौरान कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने नफरत छोड़ो भारत जोड़ो के नारे लगाये. बिरसा समाधि स्थल पहुंचने के बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की और सभा किया.

हमें भारत के लिए अपने बलिदानों और प्रतिबद्धता पर गर्व: अविनाश पांडे

सभा को संबोधित करते हुए झारखंड प्रभारी अविनाश पांडे ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एकता और प्रेम की दिशा में उठाए गए करोड़ों कदम देश की बेहतर कल की नींव बन गई और यह नफरत मिटाने और भारत को एक होने तक जारी रहेगी. हमें भारत के लिए अपने बलिदानों और प्रतिबद्धता पर गर्व है. उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा एक जनआंदोलन है. यह यात्रा आर्थिक असमानताओं, महंगाई, बेरोजगारी, सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए की गई थी.

भारत जोड़ो यात्रा का इतिहास स्याही से नहीं पसीने से लिखा गया: राजेश ठाकुर

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा का इतिहास स्याही से नहीं पसीने से लिखा गया है. राहुल गांधी ने जिस मकसद से कन्याकुमारी से लेकर कश्मीर तक भारत जोड़ो यात्रा निकाली थी, उसके लिए हम लगातार काम कर रहे हैं. भाजपा जितनी भी नफरत फैलाने की कोशिश करे हम मोहब्बत से उसका सामना करेंगे. देश के अंदर विघटनकारी शक्तियां सक्रिय हो गई हैं. ऐसे में राहुल गांधी ने मोहब्बत का पैगाम को लेकर लंबी पदयात्रा की है.

सभा को पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, विधायक राजेश कच्छप, शिल्पी नेहा तिर्की, रांची महानगर अध्यक्ष डॉ कुमार राजा, डॉ राकेश किरण महतो, गुंजन सिंह और अभिजीत सिंह ने भी संबोधित किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *