देशरांची

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से की मुलाकात, रांची से सीधी ट्रेन सेवाओं की मांग

रांची/नई दिल्ली, 24 जुलाई :रांची के सांसद और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। उन्होंने रांची लोकसभा क्षेत्र में 4200 करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं के लिए आभार जताया और खास तौर पर वर्षों से लंबित सिल्ली-इलू रेल लाइन परियोजना पर प्रगति के लिए धन्यवाद दिया।

रांची से सीधी ट्रेन सेवाओं की मांग

मंत्री सेठ ने मुलाकात के दौरान रांची से देश के प्रमुख शहरों जैसे दक्षिण भारत, गुजरात, राजस्थान, हरिद्वार और ऋषिकेश तक सीधी ट्रेन सेवाएं शुरू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि झारखंड की राजधानी रांची से लाखों यात्री सफर करते हैं, लेकिन सीधी ट्रेन सेवाएं न होने के कारण उन्हें काफी कठिनाई होती है।

उन्होंने सुझाव दिया कि रांची से शटल व पैसेंजर ट्रेनें शुरू की जाएं, जो सिल्ली, मुरी और हजारीबाग जैसे निकटवर्ती क्षेत्रों को जोड़े। इससे आम लोगों, छात्रों, व्यवसायियों और मरीजों को राहत मिलेगी और रेलवे को अधिक राजस्व भी मिलेगा।

अधूरी परियोजनाओं के शीघ्र लोकार्पण की अपील

संजय सेठ ने पूर्ण हो चुके रेलवे ओवरब्रिज, अंडरपास का जल्द से जल्द लोकार्पण कर उन्हें चालू करने का आग्रह किया और लंबित रेल परियोजनाओं को तेज गति से पूरा करने का सुझाव भी दिया।

रेल मंत्री की सकारात्मक प्रतिक्रिया

सांसद ने बताया कि रेल मंत्री ने उनकी सभी मांगों को गंभीरता से सुना और सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की अगुवाई में रांची और झारखंड को लगातार रेलवे क्षेत्र में नई सौगातें मिल रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *