महागामा में जल संकट: ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने पीएचईडी कार्यालय में धरना देकर जताई नाराजगी
महागामा, झारखंड – ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शनिवार को महागामा पीएचईडी कार्यालय में जल संकट को लेकर जोरदार धरना दिया। पिछले 8 दिनों से महागामा नगर पंचायत में पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिससे आम जनता को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों की शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मंत्री स्वयं कार्यालय पहुंचीं और अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। धरने की खबर मिलते ही जिले और प्रखंड स्तर के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। मौके पर महागामा एसडीओ आलोक वरण केसरी, नगर पंचायत ईओ आशीष कुमार, बिजली विभाग के एसडीओ कंचन टुडू, और पीएचईडी इंजीनियर प्रेम उरांव, कृष्णा पाठक, राहुल कुमार समेत कई अधिकारी पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, जलापूर्ति रुकने का मुख्य कारण पानी सप्लाई मोटर का जलना बताया गया है। मंत्री ने पहले ही मोटर की मरम्मत कर आपूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया था, लेकिन विभागीय लापरवाही के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसी के विरोध में मंत्री ने धरना देकर अधिकारियों को चेतावनी दी।
दीपिका पांडेय सिंह ने मीडिया से बातचीत में कहा कि अगर जल्द से जल्द जल आपूर्ति बहाल नहीं की गई, तो वे विभाग के खिलाफ और सख्त कदम उठाएंगी।
