गिरिडीह

गिरिडीह के पंचम्बा में नवरात्र का भव्य आगाज़, 2100 कलशों के साथ निकली शोभायात्रा

Giridih : पंचम्बा स्थित सार्वजनिक दुर्गा माता मंदिर में सोमवार को शारदीय नवरात्र की शुरुआत बड़े धूमधाम से हुई। पहले दिन कलश स्थापना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं और युवतियों ने मिलकर 2100 कलशों में जल भरकर मंदिर तक शोभायात्रा निकाली।

यह शोभायात्रा नर्मदा धाम से शुरू होकर बारतर काली मंदिर और पंचम्बा बाजार होते हुए दुर्गा माता मंदिर तक पहुंची। वहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश स्थापना की गई। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या करीब 5 हजार रही।

145 वर्षों पुरानी परंपरा

पंचम्बा का यह मंदिर 1880 से जुड़ा हुआ है। यहां शक्ति पूजा की शुरुआत पंचम्बा स्टेट के राजा टिकैत सिद्धनाथ सिंह ने की थी। बाद में 1955 में रासबिहारी सिंह ने इसे सार्वजनिक दुर्गा स्थान घोषित किया।

मंदिर का जीर्णोद्धार दिसंबर 2022 से अक्टूबर 2023 के बीच किया गया। यह स्थल आज भी धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक बना हुआ है।

नवरात्र में होता है भव्य आयोजन

हर साल शारदीय और बासंतिक नवरात्र में यहां मां दुर्गा की पूजा होती है। इन नौ दिनों में मंदिर परिसर में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होते हैं।

गिरिडीह जिले में पंचम्बा का दुर्गा पूजा उत्सव आज एक महत्वपूर्ण धार्मिक-सांस्कृतिक परंपरा बन चुका है, जिसमें दूर-दराज़ से श्रद्धालु मां के दर्शन और आशीर्वाद के लिए आते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *