Home

जमशेदपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 33 किलो गांजा के साथ अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, कीमत ₹16.5 लाख

जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले की सीतारामडेरा थाना पुलिस ने ओडिशा से बिहार और वाराणसी तक गांजा की बड़ी खेप भेजने की साजिश का खुलासा करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 16.5 लाख रुपये बताई गई है। साथ ही एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है। पुलिस अब पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में बताया कि 26 जुलाई की रात करीब 8:15 बजे सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 स्थित शौचालय के पास कुछ युवक ओडिशा से गांजा लाकर बिहार और वाराणसी भेजने की तैयारी कर रहे हैं। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के नेतृत्व में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा की अगुवाई में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

तीन ट्रॉली बैग से बरामद हुआ गांजा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बिहार के पटना जिले के अथमलगोला निवासी उमेश कुमार (20) को गिरफ्तार किया। तलाशी लेने पर उसके तीन ट्रॉली बैग से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके अलावा उसके पास से सैमसंग कंपनी का एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया गया, जिसकी जांच की जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में उसका कोई आपराधिक इतिहास सामने नहीं आया है।

अंतरराज्यीय नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

सिटी एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच से यह मामला अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ओडिशा से यह खेप किसके निर्देश पर बिहार और वाराणसी भेजी जा रही थी तथा इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के आधार पर गिरोह से जुड़े अन्य आरोपितों के खिलाफ भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *