भारत-दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच की तैयारियों को लेकर JSCA और जिला प्रशासन की बैठक
राँची, 18 अक्टूबर: आगामी 30 नवंबर को राँची के जे.एस.सी.ए स्टेडियम, धुर्वा में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले जाने वाले वनडे मैच की तैयारियों को लेकर शनिवार को झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (जे.एस.सी.ए) और राँची जिला प्रशासन के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मैच के दौरान विधि-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में जे.एस.सी.ए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन, उपाध्यक्ष संजय पांडे, सचिव सौरभ तिवारी, सह सचिव शहबाज नदीम, कोषाध्यक्ष अमितावा घोष, अनुमंडल पदाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार, पुलिस अधीक्षक यातायात राकेश सिंह, ए.डी.एम. लॉ एंड ऑर्डर राजेश्वर नाथ आलोक, डीएसपी हटिया प्रमोद कुमार मिश्रा, तथा जे.एस.सी.ए के आजीवन सदस्य राजीव कुमार सिंह, बिनय बिहारी कर्ण और किशोर चन्द्रा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में उम्मीद की जा रही भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने का निर्णय लिया गया।
जे.एस.सी.ए अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने जिला प्रशासन के सहयोग के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि “समन्वित प्रयास ही आयोजन की सफलता की कुंजी हैं।”
सचिव सौरभ तिवारी ने स्टेडियम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की जानकारी साझा करते हुए कहा कि जे.एस.सी.ए इस अंतरराष्ट्रीय मुकाबले को सुरक्षित, भव्य और यादगार बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
उपायुक्त मंजुनाथ भजंत्री ने कहा कि जिला प्रशासन इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन के सफल संचालन के लिए जे.एस.सी.ए को हर संभव सहयोग प्रदान करेगा, ताकि यह आयोजन राँची और झारखंड की प्रतिष्ठा को नई ऊँचाई दे सके।
