Home

जेआरडी टाटा की जयंती पर जयंती सरोवर में मेमोरियल एंगलिंग प्रतियोगिता, अतुल राय बने विजेता

पूर्वी सिंहभूम, 30 जुलाई । भारत रत्न जेआरडी टाटा की 121वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को जुबिली पार्क स्थित जयंती सरोवर में आयोजित जेआरडी टाटा मेमोरियल एंगलिंग प्रतियोगिता का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। यह आयोजन प्रतिवर्ष जमशेदपुर एंगलिंग क्लब द्वारा जेआरडी की स्मृति में आयोजित किया जाता है।

प्रतियोगिता का शुभारंभ सुबह 7 बजे हुआ, जिसमें देशभर से मछली पकड़ने के शौकीनों ने भाग लिया। इस वर्ष झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा से कुल 64 प्रतिभागी शामिल हुए। सभी को लॉटरी प्रणाली के माध्यम से सीट आवंटित की गई और प्रत्येक प्रतिभागी को दो फिशिंग रॉड्स के इस्तेमाल की अनुमति दी गई थी।
प्रतिभागियों के लिए ₹5000 की एंट्री फीस निर्धारित थी और 27 जुलाई को रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि थी।

प्रतियोगिता में जमशेदपुर के अतुल राय ने 11 किलोग्राम वजनी मछली पकड़कर पहला स्थान हासिल किया। उन्हें ₹51,000 नकद और ट्रॉफी प्रदान की गई।
अमल देव सिन्हा ने 11.4 किलो मछली पकड़कर दूसरा स्थान पाया और ₹35,000 के साथ ट्रॉफी से सम्मानित हुए।
तीसरे स्थान पर सौरभ दास रहे, जिन्होंने 10.9 किलो मछली पकड़कर ₹25,000 जीते।
उत्तम मंडल (8.9 किलोग्राम) और शुभदीत (6.2 किलोग्राम) को क्रमशः चौथा और पांचवां स्थान मिला। इन्हें ₹10,000 और ₹5,100 की पुरस्कार राशि दी गई।

प्रतियोगिता सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक चली। इस दौरान बड़ी संख्या में दर्शकों ने जयंती सरोवर पर पहुंचकर प्रतियोगियों का उत्साहवर्धन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *