झारखंड के विकास उरांव को मिला अंडर-17 बेस्ट साइकिलिंग प्लेयर का पुरस्कार

खेल झारखण्ड

रांची : झारखंड के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग एवं राज्य शिक्षा परियोजना की मेजबानी में आयोजित 67वीं राष्ट्रीय स्कूली खेल प्रतियोगिता 2023-24 अंतर्गत अंडर-14/17/19 बालक बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता का सोमवार को समापन हो गया.

अंडर-19 बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में झारखंड की संतोषी उरांव को रजत पदक

अंडर-19 बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में कर्नाटक की छाया नागनाथ को स्वर्ण पदक, झारखंड की संतोषी उरांव को रजत पदक और तमिलनाडु की जे निरायिमथी को कांस्य पदक मिला. अंडर-19 बालक वर्ग साइकिलिंग में कर्नाटक के धनञ्जय एस तिपन्नावर को स्वर्ण पदक, राजस्थान के लक्ष्मण डूडी को रजत और गुजरात के सेलर अरिक को कांस्य पदक मिला.

अंडर-17 बालिका वर्ग साइकिलिंग में असावरी राजमनी को स्वर्ण पदक, तमिलनाडु की एस तबिथा को रजत पदक और तेलंगाना की बरेला वर्षा रेड्डी को कांस्य पदक मिला. अंडर-17 बालक वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में राजस्थान के महादेव सरन को स्वर्ण पदक, राजस्थान के ही महावीर सरन को रजत पदक और महाराष्ट्र के हर्ष दोम्ब्ले को कांस्य पदक मिला.

अंडर-14 बालक वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता में मणिपुर के युमनम देवजीत सिंह को स्वर्ण पदक, राजस्थान के आलोक बिश्नोई को रजत पदक और सीबीएससी डब्ल्यू एस के जुआन जॉय को कांस्य पदक मिला है. अंडर 14 बालिका वर्ग साइकिलिंग में आंध्रप्रदेश की एम सरस्वती को स्वर्ण पदक, हरियाणा की निकिता को रजत पदक और मणिपुर की उषम संध्या देवी को कांस्य पदक मिला है.

झारखंड के विकास उरांव को मिला बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार

बालक वर्ग में अंडर 14 में मणिपुर के युमनम देवजीत सिंह, अंडर 17 में झारखंड के विकास उरांव और अंडर 19 में आंध्रप्रदेश के कुम्मारा सुरेश बाबू को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार मिला. बालिका वर्ग के अंडर 14 में राजस्थान की डिंपल और महाराष्ट्र की गायत्री, अंडर 17 में महाराष्ट्र की आभा और पंजाब की अंजली और अंडर 19 में महाराष्ट्र की स्नेहल माली को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार दिया गया.

अंडर 14 बालक वर्ग में अलोक बिश्नोई, अंडर 17 में राजस्थान के महादेव सरन, और अंडर 19 कर्नाटक के धनञ्जय को बेस्ट राइडर का पुरस्कार मिला. बालिका वर्ग के अंडर 14 में आंध्रप्रदेश की एम सरस्वती, अंडर 17 में महाराष्ट्र की असावरी और अंडर 19 में कर्नाटक की छाया को बेस्ट राइडर का पुरस्कार दिया गया.

झारखंड को 26 अंक, महाराष्ट्र और राजस्थान ओवरआल चैंपियन

एसजीएफआई U-14/17/19 बालक बालिका वर्ग साइकिलिंग प्रतियोगिता 2023-24 में झारखंड का शानदार प्रदर्शन रहा. राज्य को ट्रैक और रोड इवेंट मिलाकर कुल 26 अंक मिले. महाराष्ट्र कुल 34 अंकों के साथ ट्रैक इवेंट का ओवरआल चैंपियन बना. 41 अंकों के साथ राजस्थान साइकिलिंग रोड इवेंट का चैंपियन बना.

समापन समारोह में ये शामिल हुए

समापन समारोह में रांची के एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट जफर हसनत, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, दुमका, जामताड़ा, बोकारो और सिमडेगा के एसडीईओ के अलावा एसजीएफआई के प्रतिनिधि के रूप में कन्हैया गुज्जर, झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेन्द्रनाथ दुबे, झारखंड साइकिलिंग संघ के कोषाध्यक्ष रणवीर सिंह, राज्य साइकिलिंग संघ के महासचिव शैलेंद्र पाठक, राज्य साइकिलिंग संघ के उपाध्यक्ष सुरजीत कुमार और सुरेश सिंह भी शामिल हुए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *