खेलरांची

 झारखंड की बेटियों ने राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स में जीता कांस्य

 पुतुल, अनामिका, आशा और पूनम की चौकड़ी ने किया कमाल

भुवनेश्वर, 13 अक्टूबर 2025। उड़ीसा की राजधानी भुवनेश्वर स्थित कलिंगा स्टेडियम में जारी 40वीं राष्ट्रीय जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में झारखंड की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य का नाम रोशन किया। बालिका अंडर-18 वर्ग के मिडले रिले इवेंट में झारखंड की टीम ने 2:22.05 सेकंड का समय निकालकर कांस्य पदक हासिल किया।

झारखंड की विजेता चौकड़ी में पुतुल बास्की (दुमका), अनामिका उरांव (बोकारो), आशा कुमारी (धनबाद) और पूनम कुमारी (रांची) शामिल रहीं। इन खिलाड़ियों ने अपने बेहतरीन तालमेल और गति से राज्य को गौरवान्वित किया।

 अब तक झारखंड की झोली में आठ पदक

चैंपियनशिप के चौथे दिन तक झारखंड के एथलीटों ने कुल 08 पदक जीते हैं — जिनमें 02 स्वर्ण, 03 रजत और 03 कांस्य पदक शामिल हैं। राज्य के कई एथलीटों का प्रदर्शन सराहनीय रहा है और कई खिलाड़ी फाइनल में जगह बना चुके हैं।

 अन्य उल्लेखनीय प्रदर्शन

 बालक अंडर-16 मिडले रिले में एमानुएल किस्कू (साहेबगंज), अनित उरांव (लातेहार), रवि उरांव (गुमला) और जयदीप उरांव (लातेहार) की टीम ने चौथा स्थान प्राप्त किया।

 बालिका अंडर-20 वर्ग में आकांक्षा कुमारी (पलामू) ने 200 मीटर में पांचवां स्थान हासिल किया।

 बालक अंडर-18 मिडले रिले में दीपक मुंडा (रांची), शुभम एक्का (गुमला), विक्की लोहरा (बोकारो) और आकाश दीप किंडो (गुमला) की टीम छठे स्थान पर रही।

 बालक अंडर-20 में रितेश कुमार (रामगढ़) ने 400 मीटर हर्डल्स में आठवां स्थान प्राप्त किया।

 बालिका अंडर-16 पेंटाथलन में सपना यादव (रांची) बारहवें स्थान पर रहीं, जबकि

  बालक अंडर-16 पेंटाथलन में जयदीप उरांव (लातेहार) आठवें और परमा हांसदा (साहेबगंज) बारहवें स्थान पर रहे।

 बालिका अंडर-16 लंबी कूद में पृथ्वी उरांव (हजारीबाग) ने फाइनल में प्रवेश किया है।

 राज्य में खुशी की लहर

इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीव्य कुमार सोनू, खेल सचिव श्री मनोज कुमार, खेल निदेशक श्री शेखर जमुआर, तथा झारखंड एथलेटिक्स संघ के पदाधिकारियों — चेयरमैन डॉ. मधुकांत पाठक, अध्यक्ष सी. डी. सिंह, सचिव एस. के. पांडे और प्रभाकर वर्मा — ने एथलीटों, प्रशिक्षकों और टीम मैनेजर को बधाई दी।

 टीम प्रबंधन

 टीम कोच: योगेश यादव (साहेबगंज), प्रभात रंजन तिवारी, नरेश कुजूर (रांची), अनुकम्पा रुंडा (हजारीबाग)

 टीम मैनेजर: सिकंदर महतो (सरायकेला)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *