जूनियर राष्ट्रीय महिला हॉकी चैंपियनशिप में झारखंड टीम सातवीं बार फाइनल में
काकीनाडा (आंध्र प्रदेश) : 15वीं हॉकी इंडिया जूनियर महिला राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप 2025 में झारखंड महिला हॉकी टीम ने सेमीफाइनल में शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी उत्तर प्रदेश को 3-0 से हराकर लगातार सातवें वर्ष फाइनल में जगह बना ली।
01 से 12 अगस्त तक आयोजित इस चैंपियनशिप में झारखंड टीम 2018 से हर वर्ष फाइनल में पहुंच रही है और अब तक तीन बार खिताब अपने नाम कर चुकी है।
आज के सेमीफाइनल में झारखंड के लिए 13वें मिनट में स्वीटी डुंगडुंग, 56वें मिनट में रीना कुल्लू और 59वें मिनट में रजनी केरकेट्टा ने एक-एक गोल किया। शानदार खेल के लिए स्वीटी डुंगडुंग को बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
फाइनल मुकाबला 12 अगस्त को हरियाणा के खिलाफ खेला जाएगा। झारखंड टीम के इस प्रदर्शन पर हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारियों ने टीम को बधाई दी और फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं।
