राष्ट्रीय खेल दिवस पर झारखंड मलखंब अकादमी के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन

धुर्वा में आयोजित जिला स्तरीय प्रतियोगिता में करीब 50 खिलाड़ियों ने लिया भाग
रांची : राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर झारखंड मलखंब अकादमी, रांची के तत्वावधान में शुक्रवार को रांची जिला बालक-बालिका मलखंब प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह प्रतियोगिता धुर्वा स्थित बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय, सेक्टर-2 में आयोजित हुई, जिसमें रांची जिले के लगभग पचास बालक-बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम का उद्घाटन नारी शक्ति की राष्ट्रीय अध्यक्षा श्रीमती आरती बेहरा ने किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में बंगीय सांस्कृतिक परिषद विद्यालय के सचिव श्री सजल बनर्जी, डोरंडा महाविद्यालय के प्राध्यापक अवधेश कुमार ठाकुर तथा झारखंड राज्य मलखंब संघ के कोषाध्यक्ष आशुतोष द्विवेदी उपस्थित थे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से विजेता खिलाड़ियों को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
मंच संचालन एवं अतिथियों का स्वागत झारखंड राज्य मलखंब एसोसिएशन के महासचिव अजय झा ने किया। इस मौके पर प्रशिक्षक संजय कुमार, शुभम सिंह, सरिता कुमारी, अनुशिखा कुमारी, सारथी बेहरा समेत कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन अकादमी के वरीय प्रशिक्षक विवेक कुमार ने किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने पोल मलखंब, रोप मलखंब, हैंगिंग मलखंब और पिरामिड जैसे कौशलों का शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा:
बालक वर्ग:
1. आर्यन लोहरा
2. रणवीर कुमार दास
3. आर्यन महतो
बालिका वर्ग:
1. लवली कुमारी
2. हंसिका कुमारी
3. अन्नु कुमारी
कार्यक्रम में खेल भावना और पारंपरिक खेलों के प्रति उत्साह देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि आगे भी इस प्रकार की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाती रहेंगी, जिससे राज्य में मलखंब को बढ़ावा मिले।
