
Ranchi: झारखंड विधानसभा चुनाव के पहले चरण में कुल 43 सीटों पर 64.89 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें मतदाताओं ने 683 प्रत्याशियों के भविष्य को ईवीएम में बंद कर दिया. पहले चरण का यह चुनाव एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए अहम साबित होने वाला है. 2019 में हुए विधानसभा चुनावों में इंडिया गठबंधन ने इन सीटों में से 27 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जबकि एनडीए 13 सीटों पर सिमट गया था और तीन सीटों पर अन्य उम्मीदवारों ने जीत हासिल की थी.
37 रिजर्व सीटों में से 26 पर हुआ मतदान
पहले चरण में एसटी और एससी के लिए रिजर्व 37 सीटों में से 26 सीटों पर मतदान संपन्न हुआ. इनमें से 20 सीटें एसटी के लिए और 6 सीटें एससी के लिए आरक्षित थीं. इन सीटों में से अधिकतर सीटों पर 2019 में इंडिया गठबंधन का दबदबा रहा था, जहां गठबंधन ने 21 सीटें जीती थीं, जबकि एनडीए को केवल 5 सीटों पर संतोष करना पड़ा था.
कोल्हान क्षेत्र में कम मतदान प्रतिशत, भाजपा के लिए चुनौती
इस बार चुनाव में बहरागोड़ा, जुगसलाई, जमशेदपुर पूर्वी, इचागढ़, बरकट्ठा, बरही, तमाड़, कांके, और छतरपुर जैसे विधानसभा क्षेत्रों में अपेक्षाकृत कम मतदान दर्ज किया गया है. 2019 के चुनाव में कोल्हान क्षेत्र में भाजपा का खाता तक नहीं खुला था और इस क्षेत्र में इंडिया गठबंधन का व्यापक प्रभाव देखने को मिला था. 2024 के चुनाव में भी कम मतदान के कारण भाजपा को इस क्षेत्र में फिर से चुनौती का सामना करना पड़ सकता है.
एनडीए और इंडिया गठबंधन के लिए महत्वपूर्ण चरण
पहले चरण का चुनाव एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि झारखंड विधानसभा की 81 सीटों में एसटी के लिए 28 और एससी के लिए 9 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 26 सीटों पर इस चरण में मतदान हुआ है. इन सीटों पर किसका प्रभाव बना रहेगा, यह अगले चरणों में तय करेगा कि झारखंड की राजनीति का भविष्य किस दिशा में जाएगा.
जानें 2019 के मुकबले कहां कम और कहां ज्यादा रहा मतदान प्रतिशत
विधानसभा 2019 में वोटिंग प्रतिशत 2024 का वोटिंग प्रतिशत
कोडरमा 59.71 62.00
बरकट्ठा 62.48 59.01
बरही 62.63 61.01
बड़कागांव 65.77 66.32
हजारीबाग 56.16 57.65
सिमरिया 61.67 65.65
चतरा 58.75 61.16
बहरागोड़ा 75.98 76.32
घाटशिला 70,03 70.05
पोटका 69.12 72.29
जुगसलाई 66.14 64.53
जमशेदपुर पूर्वी 56.93 56.72
जमशेदपुर प. 53.89 55.95
ईचागढ़ 75.63 69.00
सरायकेला 68.1 71.54
चाईबासा 66.49 68.61
मंझगांव 68.08 69.04
जगन्नाथपुर 65.12 66.26
मनोहरपुर 61.24 63.43
चक्रधरपुर 65.58 66.05
खरसावां 72.87 77.32
तमाड़ 68.48 67.12
तोरपा 64.37 67.03
खूंटी 62.72 69.53
रांची 49.06 51.05
हटिया 56.19 58.02
कांके 61.26 57.89
मांडर 67.58 72.13
सिसई 68.87 71.21
गुमला 63.6 65.46
बिशुनपुर 69.81 70.06
सिमडेगा 64.68 68.07
कोलेबिरा 64.71 68.62
लोहरदगा 70.99 73.21
मनिका 63.09 64.15
लातेहार 67.74 69.07
पांकी 66.64 65.13
डाल्टनगंज 62.86 64.82
बिश्रामपुर 60.78 62.63
छतरपुर 61.69 60.88