झारखंड में 9 जुलाई को भारत बंद का असर, सरकारी सेवाएं और परिवहन प्रभावित हो सकते हैं
रांची, 8 जुलाई । देशभर में 9 जुलाई को भारत बंद का ऐलान किया गया है। यह बंद केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ 10 केंद्रीय ट्रेड यूनियनों द्वारा बुलाया गया है। करीब 25 करोड़ कर्मचारी, जिसमें किसान, मजदूर, बैंकिंग और डाक विभाग के कर्मचारी शामिल हैं, इस हड़ताल में हिस्सा लेने की संभावना है।
भारत बंद का झारखंड पर असर
झारखंड में भी भारत बंद का व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। अगर बड़ी संख्या में कर्मचारी हड़ताल में शामिल होते हैं, तो सरकारी दफ्तर, बैंक, परिवहन और अन्य सार्वजनिक सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। खासकर ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जनसेवाओं में व्यवधान की आशंका है।
बैंकिंग सेवाओं पर अनिश्चितता
बैंक कर्मचारियों के हड़ताल में शामिल होने की संभावना के कारण बैंकिंग सेवाएं बाधित हो सकती हैं। फिलहाल इस बात की पुष्टि नहीं हो पाई है कि बैंक खुले रहेंगे या बंद रहेंगे। सरकार या बैंकिंग नियामक निकाय की ओर से इस विषय में आज शाम तक कोई आधिकारिक सूचना जारी होने की संभावना है।
स्कूल-कॉलेज खुलेंगे या बंद?
शिक्षा संस्थानों को लेकर भी अभी कोई स्पष्ट निर्देश नहीं मिले हैं। स्कूल और कॉलेज खुलेंगे या बंद रहेंगे, इस पर जल्द ही निर्णय आने की उम्मीद है। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को सलाह दी जा रही है कि वे आधिकारिक घोषणाओं का इंतजार करें।
लोगों के लिए सलाह
अगले 24 घंटों में इस बंद का असर देखने को मिल सकता है। इसलिए आम जनता को सुझाव दिया गया है कि वे ताजा अपडेट पर नजर रखें और जरूरी न हो तो बाहर के काम टाल दें। यदि आवश्यक हो तो अपने कार्यों की योजना भारत बंद की स्थिति को ध्यान में रखकर बनाएं।
