भारत का जलवा : साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप के पहले दिन जीते 14 मेडल
5 गोल्ड, 6 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज के साथ भारत शीर्ष पर, श्रीलंका दूसरे स्थान पर
Ranchi : चौथे साउथ एशियन सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप2025 की शुरुआत 24 अक्टूबर को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बिरसा मुंडा स्टेडियम, मोराबादी में की। इस प्रतियोगिता में दक्षिण एशिया के छह देशों — भारत, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल, मालदीव और श्रीलंका — के शीर्ष एथलीट्स हिस्सा ले रहे हैं। पहले दिन भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 14 मेडल (5 गोल्ड, 6 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज) अपने नाम किए।
भारत ने झटके पांच गोल्ड मेडल
पहले दिन भारत ने 5 गोल्ड, 6 सिल्वर और 3 ब्रॉन्ज जीते, जबकि श्रीलंका 10 मेडल (4 गोल्ड, 3 सिल्वर, 3 ब्रॉन्ज) के साथ दूसरे स्थान पर रहा। नेपाल ने 3 कांस्य पदक हासिल किए, जबकि बांग्लादेश, मालदीव और भूटान का खाता नहीं खुल सका।
प्रिंस कुमार ने जीता पहला स्वर्ण पदक
पुरुषों की 5000 मीटर दौड़ में भारत के प्रिंस कुमार ने महज 14 मिनट 22.17 सेकंड में चैम्पियनशिप का पहला स्वर्ण पदक जीता।
उत्तर प्रदेश पुलिस में कॉन्स्टेबल प्रिंस ने श्रीलंका के वक्शन विक्नराज (14:23.21 सेकंड) को पीछे छोड़ा, जिन्हें रजत मिला।
नेपाल के मुकेश बहादुर पाल (14:25.25 सेकंड) ने कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की 5000 मीटर दौड़ में भारत का दबदबा
महिलाओं की 5000 मीटर रेस में भी भारत ने 12 की मजबूत बढ़त बनाई।
संजना सिंह ने स्वर्ण पदक जीता जबकि सीमा ने रजत पदक हासिल किया।
शॉट पुट में समरदीप सिंह गिल का शानदार प्रदर्शन
पुरुषों की शॉट पुट स्पर्धा में भारत के समरदीप सिंह गिल ने 19.59 मीटर का शानदार थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता।
रवि कुमार (17.95 मीटर) को रजत और श्रीलंका के मिथुनराज को कांस्य मिला।
महिलाओं की शॉट पुट स्पर्धा में भारत की दिनेश वी ने 16.14 मीटर के सर्वश्रेष्ठ थ्रो के साथ रजत पदक जीता।
वह श्रीलंका की अश्मिका केशन से मात्र 5 सेंटीमीटर पीछे रहीं, जिन्होंने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया।
