IND vs WI : पहले दिन का खेल खत्म, भारत पहली पारी में 318/2, यशस्वी 173 रन बनाकर नाबाद
दिल्ली टेस्ट के पहले ही दिन भारत ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मजबूत पकड़ बना ली है। अरुण जेटली स्टेडियम में शुक्रवार को स्टंप्स तक टीम ने महज 2 विकेट खोकर 318 रन बना लिए। यशस्वी जायसवाल 173 और शुभमन गिल 20 रन बनाकर नॉटआउट लौटे। यह यशस्वी का वेस्टइंडीज के खिलाफ बेस्ट टेस्ट स्कोर है। 2023 में उन्होंने 171 रन बनाए थे।
भारत के कप्तान शुभमन ने टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। केएल राहुल 38 रन बनाकर आउट हुए, उन्होंने यशस्वी के साथ 58 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। साई सुदर्शन ने फिर यशस्वी के साथ 193 रन की पार्टनरशिप की। सुदर्शन 87 रन बनाकर आउट हुए। वेस्टइंडीज से लेफ्ट आर्म स्पिनर जोमेल वारिकन ने 2 विकेट लिए।
यशस्वी जायसवाल ने 82वें ओवर में अपने 150 रन पूरे कर लिए। उन्होंने खैरी पीयर के ओवर की दूसरी गेंद पर सिंगल लिया और इस माइलस्टोन को हासिल किया। यशस्वी ने भारत में मुकाबले के पहले दिन दूसरी बार 150 रन का आंकड़ा पार किया। 2024 में इंग्लैंड के खिलाफ विशाखापट्टनम के मैदान पर भी वे ऐसा कर चुके हैं।
यशस्वी से पहले घरेलू मैदान पर विराट कोहली ही ओपनिंग दिन पर 2 बार 150+ रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। कोहली ने 2016 में विशाखापट्टनम में इंग्लैंड और दिल्ली में श्रीलंका के खिलाफ यह रिकॉर्ड बनाया था। यशस्वी ने शुक्रवार को कोहली की बराबरी कर ली।
