हॉकी झारखंड की 12वीं वार्षिक आम सभा सम्पन्न, महिला हॉकी टीम की ऐतिहासिक उपलब्धियों का सम्मान
रांची, 23 अगस्त — हॉकी झारखंड की 12वीं वार्षिक आम सभा का आयोजन रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, मोराबादी में संपन्न हुआ। इस सभा की अध्यक्षता हॉकी झारखंड के अध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव श्री भोलानाथ सिंह ने की। इस अवसर पर झारखंड के सभी जिलों के हॉकी संघों के अध्यक्ष, सचिव, कार्यकारिणी सदस्य और अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
सभा में इस वर्ष हॉकी झारखंड द्वारा हासिल की गई उपलब्धियों की चर्चा की गई और महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
महिला हॉकी में ऐतिहासिक वर्ष
भोलानाथ सिंह ने बताया कि वर्ष 2025 हॉकी झारखंड के लिए ऐतिहासिक रहा है। पहली बार राज्य की महिला टीम ने सब-जूनियर, जूनियर और सीनियर तीनों राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक जीतकर चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। वहीं सब-जूनियर बालक वर्ग में झारखंड ने रजत पदक प्राप्त किया।
राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड की मजबूत उपस्थिति
उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान में भारतीय सीनियर महिला हॉकी टीम के कैंप में झारखंड की 8 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें से 4 खिलाड़ी एशिया कप की टीम में खेल रही हैं। गर्व की बात है कि भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान भी झारखंड से हैं।
इसके साथ ही झारखंड की बेटी सलीमा टेटे को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। रांची में इस वर्ष हॉकी इंडिया लीग (HIL) के मैचों का आयोजन और कई राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं सफलतापूर्वक कराई गईं।
आगामी आयोजन और योजनाएं
महिला वर्ग की जूनियर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता खूंटी में और सब-जूनियर प्रतियोगिता सिमडेगा में आयोजित की जाएगी। जबकि अगले वर्ष पुरुष वर्ग की जूनियर और सब-जूनियर प्रतियोगिताएं जमशेदपुर (टाटा) में होंगी।
सम्मान और प्रोत्साहन
महिला टीम के तीनों वर्गों में शानदार प्रदर्शन के लिए कोच सुधीर गोला को “बेस्ट कोच ऑफ द ईयर” सम्मान दिया गया।
“बेस्ट डिस्ट्रिक्ट यूनिट” का पुरस्कार नवल टाटा हॉकी अकादमी को प्रदान किया गया।
झारखंड के कुछ जिलों – जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, देवघर – में हॉकी को बढ़ावा देने हेतु हॉकी स्टिक और बॉल वितरित किए गए।
उपस्थित गणमान्य अतिथि
इस आम सभा में भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष श्री संजय कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष एस.पी. देशवाल, विनोद तोमर, मेहरवान सिंह सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।
इसके अलावा हॉकी झारखंड के वरिष्ठ पदाधिकारी — महासचिव विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी, चंद्रयाणी मजमुदार, कोषाध्यक्ष असरिता लकड़ा, सीईओ रजनीश कुमार, पूर्व कप्तान असुन्ता लकड़ा, तथा अरविंद सिंह तूफानी, धर्मेंद्र सिंह, जयदीप महाराणा, संजय सिंह, विजय प्रताप सनातन, तारिणी कुमारी, रणधीर कुमार, सीडी सिंह सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
