शराब घोटाला के आरोपी विनय सिंह के सील शोरूम खोलने का HC ने दिया निर्देश
Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट ने शराब घोटाले में आरोपी रांची के ऑटोमोबाइल कारोबारी विनय कुमार सिंह के सील किए गए शोरूम को खोलने का आदेश दिया है। कोर्ट ने रांची और हजारीबाग में स्थित इन शोरूम को शुक्रवार, 10 अक्टूबर को दोपहर 12:30 बजे तक खोलने का निर्देश दिया।
ACB ने सील किए थे शोरूम
एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने 28 सितंबर को नेक्स्जेन कंपनी के डायरेक्टर विनय कुमार सिंह के रांची में मिटोजेन, टाटा और हजारीबाग में नेक्स्जेन महिंद्रा शोरूम को सील कर दिया था। ACB ने जांच के दौरान इन शोरूम को सील करने का फैसला लिया था।
हाई कोर्ट में दायर की गई याचिका
विनय कुमार सिंह ने शोरूम सील करने के खिलाफ झारखंड हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। सुनवाई के दौरान उनके वकीलों निलेश कुमार, इंद्रजीत सिन्हा और ऋषभ कुमार ने तर्क दिया कि ACB को किसी की अचल संपत्ति सीज करने का अधिकार नहीं है। कोर्ट ने इस मामले में राज्य सरकार से जवाब मांगा है।
