गुरुजी शिबू सोरेन का सरकारी आवास बनेगा स्मृति संग्रहालय
जामताड़ा के चिरुडीह में बनेगा भव्य पार्क और प्रतिमा
रांची : झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री गुरुजी शिबू सोरेन की स्मृतियों को सहेजने के लिए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। मोरहाबादी स्थित उनका सरकारी आवास अब गुरुजी स्मृति संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।
मंगलवार को हुई कैबिनेट बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी और नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू ने यह प्रस्ताव मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के समक्ष रखा। दोनों मंत्रियों ने कहा कि गुरुजी का घर केवल एक मकान नहीं, बल्कि झारखंड आंदोलन और झारखंडी अस्मिता का प्रतीक है। उनके घर की हर वस्तु संघर्ष यात्रा की याद दिलाती है।
डॉ. अंसारी ने कहा कि गुरुजी की स्मृतियां आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उनके घर को संग्रहालय का रूप देना बेहद जरूरी है, ताकि नई पीढ़ी उनके जीवन, विचार और संघर्ष से प्रेरणा ले सके।
नगर विकास मंत्री सुदिव्य सोनू ने कहा कि गुरुजी की स्मृतियां अमर रहेंगी और यह संग्रहालय झारखंड की संघर्ष गाथा को जीवित रखने का कार्य करेगा।
इसके साथ ही दोनों मंत्रियों ने जामताड़ा के चिरुडीह में गुरुजी की याद में एक भव्य पार्क और विशाल प्रतिमा स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा। यही वह धरती है, जहां से गुरुजी ने अपनी राजनीतिक और सामाजिक यात्रा की शुरुआत की थी।
डॉ. अंसारी ने भावुक होकर कहा कि आज हम मंत्री और जनप्रतिनिधि हैं तो यह गुरुजी की ही देन है। उन्होंने हमेशा पुत्रवत स्नेह दिया, मार्गदर्शन किया और जीवनभर प्रेरित करते रहे। चिरुडीह की धरती पर स्मारक बनना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात होगी।
