राज्यपाल संतोष गंगवार मोरहाबादी में फहराएंगे तिरंगा
रांची, 11 अगस्त । झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार आगामी 15 अगस्त को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान में तिरंगा फहराएंगे। राज्य सरकार के प्रस्ताव को राजभवन ने सोमवार को स्वीकृति प्रदान कर दी है।
हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर यह परंपरा रही है कि मोरहाबादी में मुख्यमंत्री और दुमका में राज्यपाल झंडोत्तोलन करते हैं। हालांकि इस बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पिता, झारखंड आंदोलन के प्रणेता और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म में व्यस्त रहेंगे। ऐसे में मोरहाबादी में झंडोत्तोलन की जिम्मेदारी राज्यपाल को सौंपी गई है।
राजभवन ने यह भी निर्णय लिया है कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित होने वाला पारंपरिक “एट होम” कार्यक्रम रद्द रहेगा। यह कदम दिवंगत शिबू सोरेन के सम्मान में उठाया गया है। इस अवसर पर राज्यपाल मोरहाबादी में मुख्य समारोह का नेतृत्व करेंगे, जबकि राज्यभर में स्वतंत्रता दिवस उत्सव के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर मोरहाबादी मैदान में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं और प्रशासन ने सभी तैयारियां तेज कर दी हैं।
