रांची

राज्यपाल गंगवार और सीएम हेमंत ने महात्मा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री को दी श्रद्धांजलि

Ranchi : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर रांची स्थित बापू वाटिका में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, विधायक कल्पना सोरेन समेत कई गणमान्य लोगों ने दोनों महान नेताओं को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम की शुरुआत गांधी जी के प्रिय भजन “रघुपति राघव राजा राम” से हुई, जिसे मृणालिनी अखौरी और उनकी टीम ने भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ गाया।

राज्यपाल ने किया दोनों नेताओं के योगदान को याद

राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री ने देश के लिए जो कार्य किए हैं, वे कभी भुलाए नहीं जा सकते। उन्होंने कहा कि आज भारत तेजी से विकास कर रहा है और इन महान विभूतियों की प्रेरणा से देश दुनिया में अपनी पहचान बना रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, 2 अक्टूबर इतिहास का सुनहरा दिन
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने 2 अक्टूबर को ऐतिहासिक दिन बताते हुए कहा कि यह दिन हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि गांधी और शास्त्री जी के सिद्धांतों ने देश को मजबूत लोकतंत्र का रूप दिया है, जिसकी आज पूरी दुनिया में पहचान है।

रक्षा राज्य मंत्री ने दी विजयादशमी की बधाई, गांधी-शास्त्री को किया नमन

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने विजयादशमी की बधाई देते हुए कहा कि आज का दिन बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने कहा कि यह और भी खास है क्योंकि आज गांधी जी और शास्त्री जी की जयंती भी है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के दिखाए रास्ते अहिंसा, स्वच्छता और एकजुटता पर चलकर भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है। उन्होंने यह भी बताया कि आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के 100 वर्ष पूरे हो गए हैं, जो देशभक्ति और सेवा के मूल मंत्र पर कार्य करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *