शहीद अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी को राज्यपाल व मुख्यमंत्री ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर पुष्पचक्र अर्पित कर दी अंतिम विदाई
रांची/देवघर: देश की रक्षा में अपने प्राणों की आहुति देने वाले झारखंड के वीर सपूत शहीद अग्निवीर नीरज कुमार चौधरी को बुधवार को बिरसा मुंडा एयरपोर्ट परिसर में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार एवं मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन ने शहीद के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
शहीद नीरज देवघर जिला के मधुपुर प्रखंड अंतर्गत कजरा गांव के निवासी थे। वे भारतीय सेना के अग्निवीर योजना के तहत नियुक्त थे और जम्मू-कश्मीर के सियाचिन ग्लेशियर पर देश की सेवा में तैनात थे। कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की। उनके शौर्य और बलिदान को पूरा राज्य नमन कर रहा है।
एयरपोर्ट पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि नीरज जैसे वीर जवानों के कारण ही देश की सीमाएं सुरक्षित हैं। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि राज्य सरकार हर संभव सहयोग देगी। राज्यपाल ने भी शहीद की वीरता को सलाम करते हुए कहा कि नीरज का बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
इस मौके पर झारखंड पुलिस, भारतीय सेना, प्रशासनिक अधिकारी, विधायकगण एवं बड़ी संख्या में आम लोग भी उपस्थित थे। सैनिक सम्मान के साथ तिरंगे में लिपटे पार्थिव शरीर को जैसे ही लाया गया, पूरा परिसर ‘अमर रहे हमारे शहीद’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा।
शहीद का पार्थिव शरीर अब उनके पैतृक गांव कजरा ले जाया गया है, जहां गुरुवार को राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
