गिरिडीह

गिरिडीह में नवनिर्मित ‘राजीव भवन’ का उद्घाटन, कांग्रेस नेतृत्व ने संगठन को मजबूत करने का किया संकल्प

रांची/गिरिडीह, 10 जुलाई (हि.स.)गुरुपूर्णिमा के पावन अवसर पर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने गुरुवार को गिरिडीह जिला कांग्रेस कार्यालय के नए भवन ‘राजीव भवन’ का भव्य उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह में झारखंड कांग्रेस प्रभारी के. राजू, प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, विधायक दल के नेता प्रदीप यादव, वरिष्ठ नेता सुबोध कांत सहाय और अन्य प्रमुख कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।


कांग्रेस को गिरिडीह में फिर से मजबूत बनाने का संकल्प

समारोह को संबोधित करते हुए झारखंड प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि गिरिडीह का कांग्रेस से गहरा ऐतिहासिक रिश्ता रहा है। उन्होंने कहा कि “देश का विश्वास एक बार फिर कांग्रेस पार्टी की ओर लौट रहा है और यह संगठनात्मक मजबूती का संकेत है।”

प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि “राहुल गांधी संगठन को मजबूत करने के प्रति पूरी तरह गंभीर हैं, और पार्टी को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है।”


‘राजीव भवन’ आमजन से जुड़ाव का प्रतीक: डॉ. अंसारी

राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने भवन के नामकरण को लेकर कहा कि “गिरिडीह कांग्रेस का आमजन से सदैव जुड़ाव रहा है। यही कारण है कि भवन का नाम ‘राजीव भवन’ रखा गया है, जो लोगों से जुड़ाव का प्रतीक है।”


नेताओं ने जताई कांग्रेस के पुनरुत्थान की उम्मीद

इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, विधायक श्वेता सिंह, जेपी भाई पटेल समेत अन्य नेताओं ने कांग्रेस के अतीत की चर्चा करते हुए कहा कि गिरिडीह क्षेत्र में कभी कांग्रेस के सांसद और विधायक बड़ी संख्या में हुआ करते थे। नेताओं ने विश्वास जताया कि “राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस फिर से अपनी पुरानी ताकत की ओर लौट रही है।”


कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी

इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह, सतीश केडिया, उपेन्द्र सिंह, अशोक विश्वकर्मा, अजय सिन्हा, मदन विश्वकर्मा, महमूद अली खान, बलराम यादव, अमित सिन्हा, ऋषिकेश मिश्रा सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *