सावन की पहली सोमवारी: रांची के पहाड़ी मंदिर सहित सभी शिवालयों में भक्तों की भारी भीड़
रांची, 14 जुलाई — सावन की पहली सोमवारी के पावन अवसर पर राजधानी रांची के प्रसिद्ध पहाड़ी मंदिर सहित शहर के सभी प्रमुख शिवालयों में सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालु पूरी आस्था के साथ उमड़े हैं।
रविवार देर रात से शुरू हुआ जलाभिषेक
भक्तों ने रविवार रात ही नामकुम के स्वर्णरेखा नदी से पवित्र जल लेकर मंदिरों की ओर कूच कर दिया था। सोमवार तड़के से ही पहाड़ी मंदिर में जलाभिषेक का सिलसिला जारी है। हर ओर “हर हर महादेव”, “ओम नमः शिवाय”, “हर हर शंभू” के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया है।
शहर के अन्य शिवालयों में भी भीड़
- सुरेश्वर धाम, चुटिया
- कोकर शिव मंदिर
- लालपुर, डोरंडा, बरियातू, हिनू, हरमू, थड़पकना समेत सभी इलाकों के शिवालयों में सुबह से ही भारी संख्या में भक्त उमड़े हैं।
सभी श्रद्धालु भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख, समृद्धि और मनोकामना की पूर्ति की प्रार्थना कर रहे हैं।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
पहाड़ी मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पुलिस बल तैनात है और कतारबद्ध व्यवस्था के साथ जलाभिषेक कराया जा रहा है।
सुखदेव नगर थाना प्रभारी और कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।
सेवा में जुटे हैं स्वयंसेवक और संगठन
हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता भी भक्तों की सहायता में लगे हुए हैं। मंदिरों में पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और दिशा-निर्देशों की भी समुचित व्यवस्था की गई है।
पंडितों का विशेष महत्व
पंडित राजेन्द्र पांडेय ने बताया कि सावन के सोमवार का व्रत रखने से भगवान शिव प्रसन्न होते हैं और भक्तों की हर मनोकामना पूर्ण होती है।
