रांची : रांची में 13 से 19 जनवरी तक एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर महिला मैच आयोजित होगा. इसमें कुल आठ देशों की टीम भाग लेगी. इस प्रतियोगिता में प्रथम तीन स्थान लाने वाले देश की टीम पेरिस ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालीफाई करेंगी. रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम मोराबादी में आयोजित इस मैच की तैयारी जोर शोर से चल रही है. भारतीय महिला हॉकी टीम भी बुधवार को रांची पहुंच रही है और वह भी मैच में बाकी बचे दिनों तक अभ्यास करेगी.
तैयारियों का जायजा लेने के लिए हॉकी इंडिया के प्रतिनिधि रांची पहुंचेंगे
तैयारियों का जायजा लेने के लिए हॉकी इंडिया के प्रतिनिधि रांची पहुंचेंगे . साथ ही आयोजन से संबंधित अपने कार्यों को वे भी शुरू कर देंगे. इसके बाद चार जनवरी को इटली और यूएसए, 6 को जर्मनी और चेक रिपब्लिक, 7 को न्यूजीलैंड, चिली और जापान की टीमें रांची आएंगी.
भारत अपने अभियान की शुरुआत 13 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगा
भारत पूल बी में अपने अभियान की शुरुआत 13 जनवरी को अमेरिका के खिलाफ करेगा. सविता पुनिया के नेतृत्व वाली टीम 14 और 16 जनवरी को न्यूजीलैंड और इटली के खिलाफ खेलेगी. यह जानकारी हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने मंगलवार को दी.