धनबाद : धनबाद में बिगड़ती विधि व्यवस्था के खिलाफ शनिवार को धनबाद विधायक राज सिन्हा के नेतृत्व में भाजपा ने जनाक्रोश रैली निकाला. जिसमें मुख्य रूप से भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी शामिल हुए. रैली में शामिल भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपने हाथों में ”कोल कैपिटल को क्राइम कैपिटल में बदलने के विरुद्ध जनाक्रोश रैली लिखा पोस्टर-बैनर लेकर धनबाद की सड़कों पर पैदल मार्च करते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ अपना विरोध जताया.
सरकार के खिलाफ भाजपाइयों का यह जन आक्रोश रैली धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर धरने में तब्दील हो गया. धरने में सैकड़ो की संख्या में शामिल भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ धनबाद के सांसद पशुपति नाथ सिंह, धनबाद के विधायक और प्रदेश अध्यक्ष बाबू लाल मरांडी ने हेमंत सरकार और धनबाद जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर हमला बोला.
जन आक्रोश रैली के पश्चात मीडिया कर्मियों से बात करते हुए प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि क्राइम कैपिटल बन चुके धनबाद को एक बार पुनः कोल कैपिटल बनाना है. धनबाद में लगातार घट रहे रंगदारी, हत्या, लूट जैसी आपराधिक घटनाओं त्रस्त यहां की जनता और व्यापारी वर्ग द्वारा राज्य सरकार और जिला प्रशासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. भाजपा इस प्रदेश को अपराध मुक्त राज्य बनाना चाहती है. उसी को लेकर आज की यह जन आक्रोश रैली थी. उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि आगामी चुनाव में उनकी सरकार बनी तो वो ऐसे भ्रष्ट अधिकारियों को सबसे पहले निकाल फेंकने का काम करेंगे.