
रांची : झारखंड कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी के. राजू पांच दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत 21 फरवरी को राजधानी रांची पहुंचेंगे.
वह दोपहर दो बजे से रांची स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन के सशक्तिकरण पर विचार-विमर्श करेंगे. इसके बाद वे 22 फरवरी को रांची से चाईबासा के लिए प्रस्थान करेंगे, जहां सुबह 11 बजे चाईबासा, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर संगठन की ताजा स्थिति से अवगत होंगे.
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश प्रभारी 23 फरवरी की सुबह 10.30 बजे बोर्ड, निगम, आयोग के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सदस्यों की बैठक में भी भाग लेंगे.
इसके बाद 11.30 बजे कांग्रेस विधायक दल की बैठक में भाग लेंगे. दो बजे से वे कांग्रेस अग्रणी मोर्चा संगठन और उसके अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे, फिर शाम सात बजे रांची से हजारीबाग के लिए प्रस्थान करेंगे एवं रात्रि विश्राम हजारीबाग परिसदन में होगा. 24 फरवरी को हजारीबाग, चतरा, कोडरमा और रामगढ़ में जिलाध्यक्ष, प्रखंड और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे. इसके बाद रांची के लिए प्रस्थान करेंगे. 25 फरवरी को रांची जिला के लापुंग, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, रांची नगर और ग्रामीण के जिलाध्यक्ष, प्रखंड अध्यक्ष और मंडल अध्यक्षों के साथ बैठक कर शाम चार बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पहुंचेंगे. प्रदेश प्रभारी शाम 6.30 बजे रांची बिरसा मुंडा हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान करेंगे.