रांची : प्रदेश भाजपा प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को निरंजन सिन्हा के नेतृत्व में कांग्रेस, झारखंड मुक्ति मोर्चा के 250 के करीब कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए. प्रदेश अध्यक्ष और राज्य सभा सांसद दीपक प्रकाश ने निरंजन कुमार सिन्हा को भाजपा का पट्टा पहनाकर पार्टी में शामिल किया. बाबाधाम से आए पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की.
दीपक प्रकाश ने कहा- कार्यकर्ताओं को भी समझ आ गया
दीपक प्रकाश ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में कांग्रेस और झामुमो पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव से पहले भाजपा का दामन थाम रहे हैं. यह दर्शाता है कि कार्यकर्ताओं को भी समझ आने लगा है कि ये पार्टियां अब डूब रही है. ऐसे में 2024 के विधानसभा चुनाव में कमल फूल खिलना तय है. झारखंड की जनता हेमंत सरकार को चुनाव में उखाड़ फेकेंगी.
निरंजन सिन्हा ने कहा- भाजपा के साथ मेरी दूसरी पारी
इस दौरान निरंजन सिन्हा ने कहा कि 2014 चुनाव में मैं भाजपा के साथ ही था. यह भाजपा के साथ मेरी दूसरी पारी है. अब अगले लोकसभा चुनाव में फिर से कमल खिलना चाहिए. विधानसभा चुनाव में भी झामुमो और कांग्रेस को उखाड़ फेंकना है.
इससे पूर्व कांग्रेस पार्टी में थे निरंजन कुमार सिन्हा
निरंजन कुमार सिन्हा इससे पूर्व कांग्रेस पार्टी में थे. पिछले दिनों देवघर में भाजपा कार्यालय भवन के शिलान्यास समारोह में प्रदेश अध्यक्ष और संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह देवघर आये थे. इस दौरान बंद कमरे में प्रदेश के इन दो शीर्ष नेताओं के साथ एनके सिन्हा की बातचीत हुई. इस दौरान महगामा विधानसभा और वहां की कुर्मी बहुल आबादी के संबंध में नेताओं के बीच चर्चा हुई.