रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने मंगलवार को कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में रांची नगर निगम के दिवंगत आउटसोर्स कर्मी विशाल उरांव के परिजनों को आर्थिक सहायता के के रूप में दो लाख रुपये का चेक सौंपा. साथ ही उन्होंने विशाल उरांव के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की.
राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशाल उरांव के असामयिक निधन से हम सभी लोगों को काफी दुःख हुआ है. सोरेन ने विशाल उरांव के परिजनों को भरोसा दिलाया है कि राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी. परिवार को जल्द सामाजिक सुरक्षा के दायरे से जोड़ा जाएगा.
विशाल उरांव का बीते 27 सितंबर को डूबने से निधन हो गया था
उल्लेखनीय है कि रांची के कुम्हार टोली, केशव नगर निवासी विशाल उरांव का बीते 27 सितंबर को (पुरी) ओडिशा में समुद्र तट पर नहाने के दौरान डूबने से निधन हो गया था. विशाल उरांव रांची नगर निगम अंतर्गत आउटसोर्सिंग कंपनी के कर्मी थे तथा कांके रोड रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास में माली के पद पर कार्यरत थे. इस मौके पर स्व. विशाल उरांव की मां नन्दनी देवी, बड़े भाई रवि उरांव सहित अन्य परिजन उपस्थित थे.