रांची

भाजपा झूठ और डर की राजनीति कर रही : झामुमो प्रवक्ता विनोद पांडेय

रांची : झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के महासचिव सह प्रवक्ता विनोद पांडेय ने भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि पटना की ऐतिहासिक रैली में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यह साफ किया कि अगर वे जेल में नहीं होते, तो भाजपा झारखंड में लोकसभा चुनाव में खाता भी नहीं खोल पाती। यह बयान भाजपा की घबराहट और विपक्ष की ताकत को दर्शाता है।

विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री का यह संघर्ष किसी दल का नहीं, बल्कि संविधान और लोकतंत्र की रक्षा का है। जेल से बाहर आने के बाद हेमंत सोरेन के नेतृत्व में जनता ने INDIA गठबंधन को पूरा समर्थन दिया, जिसके परिणामस्वरूप पूर्ण बहुमत की सरकार बनी, जो जनकल्याणकारी योजनाओं को ज़मीन पर उतार रही है। यही बात भाजपा को हज़म नहीं हो रही है।

उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि,

> “जनता अब भाजपा के धनबल, ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स जैसे हथकंडों से डरने वाली नहीं है। भाजपा आदिवासी, दलित और किसानों की आवाज़ को दबाने की साज़िश कर रही है, जो अब पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।”

भाजपा नेताओं द्वारा भाषणों के शब्दों की पुनरावृत्ति पर की जा रही टिप्पणियों को लेकर पांडेय ने कहा कि यह उनकी गिरती राजनीतिक सोच को दर्शाता है। असल मुद्दों पर बात करने की बजाय भाजपा झूठ और अफवाह फैलाने में लगी है।

उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन की विरासत बलिदान और संघर्ष की रही है और कांग्रेस-झामुमो का साथ लोकतंत्र बचाने की लड़ाई है। इसके विपरीत भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर कर रही है और खरीद-फरोख्त की राजनीति में लिप्त है।

अंत में उन्होंने कहा कि भाजपा को झारखंडी अस्मिता की बात करने का नैतिक अधिकार नहीं है।

> “मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का नेतृत्व झारखंड की अस्मिता और हक की रक्षा का प्रतीक है। जनता सब देख रही है और समय आने पर भाजपा को मुंहतोड़ जवाब देगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *